खेल – मनोरंजन

साहसिक निर्णय से खिलाडिय़ों में खुशी की लहर

19 वां एशियाई खेल-2023, पहली बार 40 खेलों में होगी प्रतिस्पर्धा

– जसवंत क्लाडियस,तरुण छत्तीसगढ़ संवाददाता
वर्ष 2020 और 2021 को इस संसार में रहने वाले कभी भूला नहीं पायेंगे। दिसम्बर 2019 में कोरोना नामक विषाणु के संक्रमण के कारण वर्तमान काल के मानव जीवन का प्रत्येक क्षेत्र तहस-नहस हो गया। मनुष्य से संबंधित परिवहन, संचार, उद्योग, व्यापार, पर्यटन आदि गतिविधि सब कुछ ठप्प हो गया। स्वास्थ्य विभाग की स्थिति सबसे अधिक खराब रही। खेल की सारी गतिविधियां रुक गई। सार्वजनिक व्यायाम शाला में अभ्यास से लेकर चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया। खेल संबंधी स्टेडियम बंद कर दिये गये तो खिलाडिय़ों का अभ्यास बंद हो गया। कोविड-19 का असर खेल आयोजन पर इस कदर पड़ा कि 2020 में टोक्यों में आयोजित किए जाने वाले बहुखेलों की सबसे प्रतिष्ठित स्पर्धा ग्रीष्मकालीन ओलंपिक खेलों का निश्चित समय पर आयोजन रद्द करना पड़ा लेकिन एक वर्ष बाद 2012 में टोक्यो में 32वें ओलंपिक खेलों का आयोजन हुआ जिसे अब 2020 के ओलंपिक खेल माना गया है। कोविड विषाणु के दुष्प्रभाव से ठीक इसी तरह 19वें एशियाई खेलों का आयोजन जो कि हांगझोऊ (चीन) में 2022 में सम्पन्न होना था उसे भी इस महामारी का प्रकोप देखते हुए 2023 में चीन के हांगझाऊ में 23 सितम्बर से 8 अक्टूबर तक आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। अब इसे भी इतिहास के पन्नें में 19वें एशियाई खेल 2022 कहा जाएगा। प्रकृति और मनुष्य के बीच इस तरह संघर्ष पहले भी हुआ था। आज भी हो रहा है और आने वाले दिनों में भी होने की उम्मीद कर सकते हैं। मानव जाति ऐसी आपदा के लिए दोषी हो या ना हो लेकिन यह निश्चित है कि वह जीवन के कई क्षेत्र की तरह खेलकूद की प्रतिस्पर्धाओं के आयोजन से कभी भी पीछे नहीं हटी। खेल जगत के इतिहास में खिलाडिय़ों प्रशिक्षकों, आयोजकों के लिए संभवत: इससे बुरा समय कभी नहीं आया जब प्रतियोगिता के आयोजन की पूरी तैयारी के लिए करोड़ों, अरबों रुपये खर्च करके एरेना, स्टेडियम, रिंग, कोर्ट, पिच, ट्रैक, वलोड्रम, तरणताल आदि का निर्माण किया गया और निर्धारित तिथि के पूर्व मुकाबलों को स्थगित करना पड़ा। 19वें एशियाई खेलों के आयोजन की तिथि के पूर्व ऐसी ही विपत्ति आई लेकिन 2020 के ओलंपिक खेलों के आयोजन समिति की भांति 2022 के एशियाई खेलों की आयोजन समिति ऐसी विषम परिस्थिति का सामना करने अडिग खड़ी रही। इस तरह चीन के हांगझोऊ में 19वें एशियाई खेलों को सम्पन्न कराने का मार्ग प्रशस्त हो गया। एशियाड में पहली बार 40 खेलों के 482 इवेंट 45 देशों के प्रतिभागियों के बीच होंगे। खेल की दुनिया में चीन बड़ी तेजी से एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में उभरकर आया है। चीन में तीसरा एशियाई खेल सम्पन्न होने जा रहा है। इसके पहले 1990 में बीजिंग फिर 2010 में गुआंगझाऊ में एशियाड हो चुके है। 2008 में बीजिंग में ओलंपिक खेल भी सम्पन्न हुए थे। भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू के द्वारा 1951 में पहले एशियाई खेल की शुरुवात की गई फिर 1982 में तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 9वें एशियाई खेल सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। इस बार भारत के 634 एथलीट 38 खेलों में शामिल होंगे। उनसे बड़ी सफलता की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button