https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

योग शिक्षक भर्ती में बड़ा घोटाला, 2 माह अधिकारियों ने सिर्फ कार्रवाई टाली

कसडोल, 13 मार्च। बलौदाबाज़ार जिला मुख्यालय में प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी द्वारा 3 माह पूर्व योग शिक्षकों की भर्ती गोपनीय तरीके से बिना विज्ञापन के कर ली गई। इस मुद्दे को सभी दैनिक समाचार पत्रों ने पूर्व में भी प्रमुखता से उठाया/प्रकाशित किया था। दैनिक समाचार पत्रों में समाचार प्रकाशन के पश्चात कलेक्टर रजत कुमार बंसल ने मामले में जांच के आदेश दिए थे जिसमें आरोप प्रमाणित पाए गये।
इस मामले की शिकायत आयुष स्वास्थ्य संचालक, स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव एवं बलौदाबाजार कलेक्टर रजत कुमार बंसल से की गई। जिस पर कलेक्टर रजत कुमार बंसल ने जांच एवं कार्यवाही के लिए टीम गठित की। संयुक्त कलेक्टर बजरंग दुबे ने जांच में 14 योग शिक्षकों की भर्ती को नियम विरुद्ध पाया एवं भर्ती निरस्त करने का आदेश जारी हो चुका है। किंतु अभी तक योग शिक्षकों की भर्ती करने में अनियमितता बरतने वाले प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी लतेल सिंह ध्रुव को उनके पद से नहीं हटाया गया जिसके कारण वह लगातार जांच प्रभावित कर रहे हैं और भ्रष्टाचार को अंजाम दे रहे हैं। जिला आयुर्वेद अधिकारी कार्यालय में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है। कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा लगातार इस भ्रष्ट अधिकारी को संरक्षण दिया जा रहा है।
14 योग शिक्षकों की नियम विरुद्ध की गई गोपनीय भर्ती के मामले में प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी को जांच उपरांत निलंबित कर देना चाहिए था किंतु उसे अभी तक निलंबित नहीं किया गया है। जिससे क्षुब्ध होकर शिकायतकर्ता राजेश मिश्रा ने कलेक्टर रजत कुमार बंसल को पत्र सौंपकर जिम्मेदार भ्रष्ट अधिकारी के ऊपर कार्यवाही ना करने पर वस्त्र त्याग करने संबंधित आवेदन दिया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता राजेश मिश्रा ने बताया कि बलौदाबाज़ार जिले के कई विभागों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। इसमें कांग्रेस सरकार के जिम्मेदारों का पूरा संरक्षण प्राप्त है।
इसी के चलते 14 योग शिक्षकों की फर्जी भर्ती करने वाले प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी के ऊपर भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। राजेश मिश्रा ने कहा कि वस्त्र त्याग संबंधी पत्र कलेक्टर को सौंपा है।
यदि 1 सप्ताह के भीतर कलेक्टर ने उपरोक्त अधिकारी को निलंबित या पद से नहीं हटाया तो वह कलेक्टर के जन चौपाल में अपने वस्त्र त्याग कर कलेक्टर रजत बंसल को अपने वस्त्र सौंपेंगे। राजेश मिश्रा ने कहा कि वह गांधी जी के बताए मार्ग पर चलकर सत्याग्रह के माध्यम से ही भ्रष्टाचार और अन्याय के विरुद्ध अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
अब देखना यह है कि बलौदाबाजार कलेक्टर रजत कुमार बंसल प्रभारी जिला आयुर्वेद अधिकारी को पद से हटाकर किसी अन्य को बिठाते हैं या फिर राजेश मिश्रा के वस्त्र स्वीकार कर उसे अपनी जन चौपाल से निर्वस्त्र भेजते हैं। शिकायतकर्ता राजेश मिश्रा ने बताया कि जांच को लंबे समय तक दबाकर रखा गया। भर्ती निरस्त करने संबंधी आदेश भी जांच के 2 माह बाद 24 फरवरी को जारी किया गया। किंतु 15 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक भर्ती निरस्त करने संबंधी कोई सूचना जिला भर्ती वेबसाइट पर अपलोड नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button