मशीन 15 को बताएगी कौन जीता-कौन गहारा
महापौर, पार्षदों के मतों की गणना के लिए सभी तैयारियां पूर्ण, भाजपा-कांग्रेस ने किया जीत का दावा

रायपुर। शहरी सरकार के लिए हुए मतदान के पश्चात 15 फरवरी को मतों की गणना का कार्य होगा। सेजबहार इंजीनियरिंग कालेज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। 70 वार्डों के लिए मतों की गणना 400 कर्मचारी करेंगे। महापौर के परिणाम आने में विलंब होगा। पार्षदों के परिणाम दोपहर तक आ जाएंगे। प्रदेश में 173 नगरीय निकायों के चुनाव के पश्चात अब सभी जिलों में एक साथ मतों की गणना होगी। भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी अपनी-अपनी जीत का दवा कर रहे हैं। भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि भाजपा का एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जो कि परिणामों पर नजर रखेगा। मेयर के लिए रायपुर से कांग्रेस की दीप्ति दुबे और भाजपा की मीनल चौबे के बीच मुकाबला है। यहां अन्य 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। इंजीनियरिंग कालेज में 114 टेबल लगाए गए हैं। 70 वार्डों में 1306 प्रत्याशी मैदान में हैं। रायपुर जिले के अंतर्गत आने वाले अन्य नगरीय निकायों के मतों की गणना 15 फरवरी को ही होगी। अध्यक्ष पद के लिए 57 उम्मीदवार हैं। पार्षद पद के चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी स्वयं उपस्थित रहेंगे। इसके साथ वे एजेंट भी नियुक्त कर सकते हैं। कांग्रेस को भी कई नगरीय निकायों में जीत का भरोसा है। 10 नगर निगम के चुनाव में दो में कांग्रेस को जीत मिलने की संभावना है। पहला अंबिकापुर और दूसरा चिरमिरी। भाजपा को रायपुर, धमतरी, राजनांदगांव, दुर्ग तथा जगदलपुर से जीत मिलने की आशा है।
17 को अभनपुर पंचायत के चुनाव
ग्रामीण सरकार गठित करने के लिए तीन चरणों में होंगे। रायपुर जिले के अभनपुर ब्लाक में 17 फरवरी को जिला जनपद सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच व पंच के चुनाव होंगे। अभनपुर में जिला जनपद सदस्य के लिए पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के पुत्र यशवंत साहू, रानी पटेल चुनाव मैदान में हैं। वहीं गरियाबंद के पूर्व जिला जनपद अध्यक्ष श्वेता शर्मा के पति संजय शर्मा भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।