https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

मतदान दलों को सामग्री वितरण शुरू,मतदान 7 नवम्बर को

कवर्धा । लोकतंत्र के महापर्व में छत्तीसगढ़ के प्रथम चरण में 07 नवम्बर को होने वाले स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान के लिए कबीरधाम जिले के विधानसभा क्षेत्र 71-पंडरिया और 72 कवर्धा के 804 मतदान केन्द्रों के लिए कृषि उपज मंडी बिलासपुर रोड़ कवर्धा में सामग्री वितरण किया जा रहा है। मतदान का समय सुबह 08 बजे से शाम 05 बजे तक निर्धारित है। इन दोनो विधानसभा क्षेत्रों के लिए 804 मतदान दल का गठन किया गया है। मतदान दल के पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी अपने–अपने मतदान केंद्र के लिए सामग्री प्राप्त कर रहे है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त सामान्य प्रेक्षक श्री अजय कुमार गुप्ता, पुलिस प्रेक्षक श्री राजेश खुराना, कलेक्टर एवम् जिला दंडाधिकारी श्री जनमेजय महोबे ने मतदान वितरण कार्यों और व्यवस्था का जायजा लिया। पंडरिया और कवर्धा विधनसभा क्षेत्र के रिटर्निग अधिकारी राजनीतिक दल के अभ्यर्थी एवम् प्रतिनिधि की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम को खोला गया। इसके बाद मतदान दल को सामग्री का वितरण प्रारंभ किया गया। सभी कार्यों का वीडियोग्राफी कराई गई है। मतदान सामग्री वितरण के लिए कुल 20 काउंटर बनाए गए है। विधानसभा पंडरिया के लिए 10 काउंटर और कवर्धा के लिए 10 काउंटर बनाए गए है। विधानसभा पंडरिया के लिए 1 काउंटर से 10 मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया जा रहा है। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के लिए एक काउंटर में 21 मतदान दलों को मतदान सामग्री वितरण किया जा रहा है। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के लिए 393 मतदान दल का गठन किया गया है। साथ ही 98 मतदान दल को रिजर्व रखा गया है। कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के लिए 411 मतदान दल का गठन किया गया है। साथ ही 103 मतदान दल को रिजर्व रखा गया है। दोनो विधानसभा क्षेत्र के लिए 11 माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए है। इसमें विधानसभा क्षेत्र कवर्धा के लिए 8 और विधानसभा क्षेत्र पंडरिया के लिए 3 माइक्रो आब्जर्वर नियुक्त किए गए है।दोनो विधानसभा क्षेत्र के 804 मतदान दलों के मतदान केंद्र पहुंचने के लिए 187 रूट बनाए गए है। पंडरिया के 393 मतदान दल के लिए 90 रूट और कवर्धा के 411 मतदान दल के लिए 97 रूट बनाए गए है। जिले में कुल 804 मतदान केंद्र है। इन मतदान केंद्रों में 20 मतदान केंद्र को संगवारी मतदान केंद्र है। इसमें पीठासीन से लेकर मतदान दल क्रमांक 1, 2 और 3 सभी महिला कर्मचारी होंगे। दोंनो विधानसभा क्षेत्र में 1-1 मतदान केन्द्र दिव्यांग और 1-1 मतदान केन्द्र युवा प्रबंधित मतदान केन्द्र बनाए गए है। दिव्यांग मतदान केन्द्र में सभी अधिकारी-कर्मचारी दिव्यांग होंगे। इसी प्रकार युवा प्रबंधित मतदान केन्द्रों में सभी युवा अधिकारी होंगे। कबीरधाम जिले में 02 विधानसभा क्षेत्र है क्रमश: विधानसभा-71 पंडरिया एवं विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 72 कवर्धा है। जिले में 804 मतदान केन्द्र हैं और कुल मतदाताओं की संख्या 6 लाख 47 हजार 549 है। इसमें 3 लाख 22 हजार 336 पुरूष मतदाता, 3 लाख 25 हजार 210 महिला मतदाता और 03 थर्ड जेंडर मतदाता है। इसमें 5 हजार 543 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के युवा मतदाता 30 हजार 390 और 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 5 हजार 576 है। जिले में जेंडर रेसियों 1008.92 है। विधानसभा 71 पंडरिया में 393 मतदान केन्द्र में 01 लाख 57 हजार 649 पुरूष मतदाता, 01 लाख 58 हजार 493 महिला मतदाता और थर्ड जेंडर शून्य है। इस प्रकार कुल 03 लाख 16 हजार 142 मतदाता हैं। इसमें 3 हजार 102 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के युवा मतदाता 14 हजार 588 और 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 3223 है। जेंडर रेसियों 1005.35 है। इसी प्रकार विधानसभा 72 कवर्धा में 411 मतदान केन्द्र में 01 लाख 64 हजार 687 पुरूष मतदाता, 01 लाख 66 हजार 717 महिला मतदाता और थर्ड जेंडर 03 है। इस प्रकार कुल 03 लाख 31 हजार 407 मतदाता हैं। इसमें 2 हजार 441 दिव्यांग मतदाता, 18 से 19 वर्ग के युवा मतदाता 15 हजार 802 और 80 वर्ष से अधिक वरिष्ठ नागरिक की संख्या 2 हजार 353 है। जेंडर रेसियों 1012.33 है।

Related Articles

Back to top button