छत्तीसगढ़

छुरा में रामचरित मानस गान स्पर्धा

छुरा । छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राम नाम संकीर्तन को जनमानस तक पहुंचाने के पुनीत उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर रामचरित मानस गान प्रतियोगिता का आयोजन विगत वर्ष से किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगरीय निकाय स्तरीय प्रतियोगिता मां शीतला मंदिर प्रांगण छुरा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। नगर पंचायत उपाध्यक्ष रिंकू सचदेव, सभापति भोलेशंकर जायसवाल, पार्षद पंचराम टंडन, पार्षद प्रतिनिधि हिरेंद्र साहू, पार्षद मीना चंद्राकर, रजनी लहरे, बजरंग पांडे के द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान रामचंद्र, पावन राम दरबार एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर अक्षत, कुमकुम, पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह नगर पंचायत अध्यक्ष खोमन चंद्राकर, उपाध्यक्ष रिंकू सचदेव, वरिष्ठ पार्षद यशपेंद्र शाह, मक्खू दीक्षित, हरीश यादव, भोले शंकर जायसवाल, पंचराम टंडन, हिरेंद्र साहू के आतिथ्य में संपन्न हुआ। मुख्य नगरपालिका अधिकारी सचित साहू ने रामचरित मानस गान प्रतियोगिता के मूल उद्देश्य को सारगर्भित शब्दों में रखा। उन्होंने कहा कि श्रीरामचरितमानस का बखान करने वाली सभी मंडली का छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के चिन्हारी पोर्टल पर पंजीयन किया जा चुका है। चिन्हारी अंतर्गत पंजीकृत सभी मंडली को वाद्य यंत्र क्रय करने हेतु पांच हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में नीर क्षीर विवेकी सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा, से.नि.प्रधानपाठक एस.आर. निषाद एवं वरिष्ठ शिक्षक एम.एल. सेन ने निर्णायक की भूमिका अदा किया। प्रथम पुष्प के रुप में मंचासीन मंदाकिनी मानस परिवार गादीकोट छुरा ने बालकांड पर सुमधुर संगीत के साथ श्रीराम के आदर्शो को अपनाने का संदेश दिया। योग ऋषि मानस परिवार द्वारा शास्त्रीय संगीत की छटा बिखेरते हुए अरण्यकाण्ड पर संगीतमयी व्याख्यान से शबरी के वात्सल्य, निश्छल प्रेम, भक्त भगवान के मधुर संबंधों को कथा के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button