छत्तीसगढ़

भूपेश सरकार ने 4 वर्षों में किया चहुंमुखी विकास, अपना वायदा किया पूरा: अवधेश

दंतेवाड़ा । प्रदेश सरकार के 4 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आज भुपेश सरकार प्रदेश भर में चार साल-बेमिसाल कहकर इसे गौरव दिवस के रूप में मना रही है। इसी तारतम्य में दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से राजीव भवन में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया जिसमें जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम एवं जिला पंचायत अध्यक्ष तुलिका कर्मा ने सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम ने कहा कि आज भुपेश सरकार के कार्यकाल के 4 वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। इन चार वर्षो में प्रदेश में विकास की रफतार बढ़ी है। जनता में खुशहाली व समृद्धि आई है। चाहे किसान हो, व्यापारी हो या कर्मचारी हर वर्ग सरकार के विकासोन्मुखी कार्यक्रम से प्रफुल्लित हैं। श्री गौतम ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते कहा कि सत्ता में आने से पूर्व भुपेश सरकार ने जनता से जो वायदा किया था, जो हमने कहा था उसे पूरा किया है। इसलिए हम आज प्रदेश के सभी जिलों में गौरव दिवस के रूप में मना रहे हैं। गौरव इसलिए कि छत्तीसगढ़ सरकार ने छत्तीसगढिय़ा स्वाभिमान का अलख जगाया है। पहले इसी प्रदेश में किसान, व्यापारियों की आर्थिक हालात ठीक नहीं थे। प्रदेश सरकार ने इनकी चिंता की। किसानों की समृद्धि के लिए भुपेश सरकार ने समृद्ध खेती-खुशहाल किसान को दृष्टिगत रखते हुए राजीव गांधी किसान न्याय योजना लाया। किसानों, पशुपालकों और खेतिहर मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान किया। न केवल कृषि ऋण माफ किया बल्कि किसानों के हाथों में सीधे पैसा भी दिया ताकि वो अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर सके। प्रदेश की आम जनता से भुपेश जनता ने वादा किया था कि सरकार में आते ही बिजली बिल हाफ किया जाएगा आज बिजली बिल हाफ का फायदा प्रदेश की सभी जनता को मिल रहा है। वन विकास पट्टा भी जरूरतमंदों को दिया गया। पहले की सरकार के समय छोटे भूखण्डों की रजिस्ट्री नहीं होती थी भूमि मालिक 5 डिसमिल या उससे कम भूमि को बेच नहीं सकता था लेकिन अब ऐसा नहीं है कोई भी व्यक्ति 5 डिसमिल से कम भूमि भी अब बेच सकता है तथा अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा कर सकता है। आज दंतेवाड़ा जिले की पहचान डेनेक्स के नाम से होती है। क्योंकि सरकार ने महिला समूहों को काम दिया। डेनेक्स का निर्माण कर आज यहां हर प्रकार के गारमेंटस तैयार कर देश के बड़े बड़े राज्यों तक में यहां से तैयार कपड़ा भेजा जा रहा है। समूह में शामिल ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति सुधरी है। श्री गौतम ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को आगे गिनाते कहा कि सबसे बड़ी समस्या दंतेवाड़ा जिले की नक्सल समस्या थी। पहले इस जिले को नक्सल जिला के रूप में जाना पहचाना जाता था लेकिन छ0ग0 सरकार ने इस कलंक को भी धो दिया है। अब यहां हिंसा न देखने को मिलता है न सुनने को। नक्सली करीब करीब खात्मे की ओर हैं। जिले में शांति पूरी तरह से कायम हो चुकी है। इसलिए दक्षिण बस्तर जिले में व्यापार भी बढ़ा है। बन्द हुए हाट बाजार भी अब खुल चुके हैं। बाहर प्रदेश के लोग भी यहां आकर व्यापार धन्धा कर सुखी जीवन जी रहे हैं। आदिवासी संस्कृति में देवगुडिय़ों का बहुत ही ज्यादा महत्व होता है। इसको ध्यान में रखते हुए सरकार ने पक्के प्रत्येक देवगुड़ीयों के निर्माण एवं कायाकल्प के लिए 7 से 10 लाख रूपए प्रदान किया। यहां का आदिवासी अपने देव, देवियों की पूजा करता है। देवगुड़ी संस्कृति के संरक्षण एवं समृद्धि के लिए सरकार की संवेदन सोच वाकई सराहनीय योग्य है। भुपेश सरकार ने यह भी वादा किया था कि जब सरकार में आएंगे तो लोगों का कर्ज माफ किया जाएगा इस वायदे को भी सरकार ने पूरा किया है। श्री गौतम ने कहा कि हमारी सरकार ने दंतेवाड़ा जिले में 5 करोड़ 64 लाख का कर्ज माफ किया है। शून्य प्रतिशत ब्याज में करीब 12 करोड़ 20 लाख रूपया का लोन दंतेवाड़ा के किसानों को दिया गया है। पहले 75 लाख मिट्रिक टन धान लिया जाता था आज 1 लाख 10 हजार मिट्रिक टन धान की खरीदी दंतेवाड़ा जिले में हो रही है। डायरेक्ट धान का पैसा किसानों के खातों में जा रहा है समर्थन मूल्य पर धान सरकार खरीद रही है। किसान बेहद खुश हैं और सरकार को धन्यवाद कर रहे हैं। ग्रामीणों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री भुपेश बघेल ने हाट बाजारों में चलित स्वास्थ्य औषधालय का शुभारंभ किया । इससे ग्रामीण अपने नजदीकी हाट बाजार में पहुंचकर सीधे डॉक्टर से जांच परीक्षण करवाकर फ्री में दवाईयां ले रहे हैं। स्वास्थ्य के साथ साथ शिक्षा के डगर में भी सरकार बहुत बेहतरीन कार्य कर रही है। पहले गरीब के बच्चे अंग्रेजी स्कूल में उंची फीस के चलते नहीं पढ़ पाते थे। भूपेश सरकार ने गरीब बच्चों की चिंता की और आज हर जिले कस्बे में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का शुभारंभ कर दिया है। जहां गरीब से गरीब छात्र भी बिना फीस जमा किए अंग्रेजी मीडियम शिक्षा हासिल कर रहा है। श्री गौतम ने अंत में कहा कि ऐसे और भी बहुत सी जनहित की योजनाएं भुपेश सरकार ने बीते 4 वर्षो में आम जनता के हित एवं उनके समृद्धि एवं उत्थान के लिए शुरू किए हैं। जिनका लाभ प्रदेश की साढ़े तीन करोड़ जनता को प्रत्यक्ष तौर पर मिल रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान छबिन्द्र कर्मा, राजकुमार तामो, बीरेंद्र गुप्ता, मनिष भट्टाचार्य, मनोज कौरव, कवि सिन्हा आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button