मंत्री-विधायकों के रिश्तेदार पंचायत चुनाव के मैदान में उतरे

मुख्य नगर संवाददाता
रायपुर, 13 फरवरी। ग्रामीण सरकार के गठन के चुनाव में दिलचस्प मुकाबला विभिन्न जिलों में हो रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधायकों तथा मंत्रियों के रिश्तेदारों के चुनावी मैदान में कूदने से चुनाव संघर्षपूर्ण हो गया है।
ग्रामीण सरकार बनाने के लिए अलग-अलग जिलों में 17, 20 व 23 फरवरी को मतदान होगा। महासमुंद जिले में पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला जनपद सदस्य का निर्वाचन 17 फरवरी को होगा। प्रत्याशियों के अनुसार प्रधानमंत्री आवास, सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन योजना में भ्रष्टाचार प्रमुख मुद्दा है। महासमुंद जिले में पूर्व विधायक एवं वर्तमान विधायकों के रिश्तेदार चुनाव लड़ रहे हैं। रायपुर जिले में भी दिलचस्प मुकाबला हो रहा है। यहां पर कुल 16 जिला जनपद सदस्य के लिए चुनाव हो रहा है।
विधायक के भाई के चुनाव लडऩे से कड़ा संघर्ष
रायपुर जिले के क्रमांक 16 में पिछले 25 वर्ष से जनपद अध्यक्ष पद पर काबिज बेदराम मनहरे का मुकाबला विधायक खुशवंत गुरु के भाई सौरभ गुरु से हो रहा है। इसमें काफी पैसा खर्च किया जा रहा है। चुनाव प्रतिष्ठापूर्ण होने के कारण विधायक ने पूरी ताकत लगा दी है। पूरे जिले में यह चुनाव चर्चा का विषय बना हुआ है। जनपद सदस्य क्रमांक 5 खरोरा से पूर्व सभापति राजू शर्मा का मुकाबला कांग्रेस के महामंत्री सुरेन्द्र वर्मा से हो रहा है। धरसींवा तथा अभनपुर में भी चुनाव काफी प्रतिष्ठापूर्ण हो रहे हैं।
दलीय आधार पर लड़े जा रहे चुनाव
पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर लड़े जाते हैं लेकिन इस वर्ष भाजपा और कांग्रेस द्वरा प्रत्याशियों को अप्रत्यक्ष रूप से समर्थन देने के कारण चुनाव काफी संघर्षपूर्ण हो गया है। दुर्ग में पाटन, दुर्ग शहर-ग्रामीण में दिलचस्प मुकाबला हो रहा है। राजनांदगांव में शहरी सरकार का चुनाव होने के बाद भाजपा समर्थक ग्रामीण सरकार गठित करने के लिए सक्रिय हो गए हैं। मानपुर-मोहला तथा डोंगरगांव एवं डोंगरगढ़ में भी पंचायत चुनाव को लेकर दिलचस्प मुकाबला हो रहा है। अंबिकापुर, सूरजपुर एवं बलरामपुर जिले में पूर्व जनपद अध्यक्ष रामविचार नेताम की पत्नी मैदान से हट गईं हैं। पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैकरा चुनाव मैदान में उतर गए हैं। सूरजपुर एवं बलरामपुर में रामविचार नेताम के समर्थकों के बीच कड़ा मुकाबला है।
जशपुर में मुख्यमंत्री के साले के मैदान में उतरने से चुनाव हुआ दिलचस्प
पत्थलगांव से जिला जनपद सदस्य के लिए सालिक साय चुनाव मैदान में हैं। मुख्यमंत्री के समर्थक उन्हें जिताने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र से पूर्व वरिष्ठ विधायक रामपुकार सिंह की पुत्री आरती सिंह किलकिला जनपद क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है। इससे पूर्व वे पत्थलगांव जनपद की अध्यक्ष रह चुकीं हैं। पूर्व सांसद स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के नाती शौर्यप्रताप सिंह चुनाव मैदान में उतरे हैं। वे दुलदुला से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व मंत्री गणेशराम भगत उन्हें जिताने के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं। ग्रामीण सरकार गठित करने के लिए 1 करोड़ 58 लाख मतदाता 17, 20 व 23 फरवरी को मतदान करेंगे। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला जनपद सदस्य के लिए अलग-अलग चुनाव तिथियां रखी गई है। इसके लिए चुनाव चिन्ह पतंग, सिलाई मशीन, झोपड़ी आदि प्रमुख है।
————