https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

जनसैलाब के बीच भाजपा की महासमुंद में जनसभा

महासमुंद-रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव परिवर्तन यात्रा के साथ महासमुंद पहुंचे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री द्वय ने मोदी सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों की जानकारी देते हुए राज्य की कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक व सूचना प्रद्योगिकी राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने विशाल आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम यहां परिवर्तन यात्रा में शामिल होने के लिए आए हैं। यह परिवर्तन क्यों? इसका उत्तर यह है कि हम सब सरकार से एक ही चीज चाहते हैं कि हमारा प्रदेश आगे बढ़े। देश और प्रदेश आगे बढऩे से हमारे परिवार में समृद्धि आए। हमारे जीवन में भी प्रगति हो। यह हम सब की चाहत है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारत को बहुत आगे बढ़ाया है। चाहे अर्थव्यवस्था हो, सुरक्षा हो, हर क्षेत्र में भारत आगे बढ़ा। अलग-अलग राज्यों में विकास हो रहा है। बाहर से निवेश आ रहा है। रोजगार के नए-नए अवसर मिल रहे हैं। आप पूछिए 5 साल में छत्तीसगढ़ में क्या हुआ? जो प्रगति देश में हो रही है, मध्य प्रदेश में हो रही है, अन्य राज्यों में हो रही है, यहां पर क्यों नहीं हो रही? यहां पर विकास इसलिए नहीं हो रहा क्योंकि यहां कांग्रेस की सरकार है और इसे बदलने का समय आ गया है। परिवर्तन का समय आ गया है। अउ न सहिबो, बदल के रहिबोउन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जितना विकास हुआ है, वह नरेंद्र मोदी सरकार के कारण हुआ है।भूपेश बघेल सरकार ने 5 साल में कुछ क्यों नहीं किया? मैंने देखा कि एयरपोर्ट के बाहर भूपेश बघेल का बड़ा सा होर्डिंग लगाकर सुरक्षा का दावा किया गया है।
भूपेश बघेल झूठ को सच बताने के लिए 500 करोड़ का कैंपेन चला रहे हैं। झूठ झूठ ही रहता है और सच कभी बदलता नहीं है। छत्तीसगढ़ की सच्चाई यह है कि कांग्रेस की सरकार ने ऐसा माहौल बना दिया है जहां पर अपराध भ्रष्टाचार आम हो गया है। सरकार का यही मूल उद्देश्य हो गया है।

इसलिए कोई भी निवेशक छत्तीसगढ़ में 5 साल में नहीं आया। उत्तर प्रदेश की ओर देखिए। 6 साल पहले वहां कोई नहीं जाता था। वहां के युवा रोजगार की तलाश में बाहर जाते थे। अब देखिए उत्तर प्रदेश में क्या हो रहा है। मोबाइल फोन बनाने की सबसे बड़ी फैक्ट्री उत्तर प्रदेश में है सबसे बड़ा टेक्नोलॉजी डाटा सेंटर उत्तर प्रदेश में है। पहले वहां भ्रष्टाचार और अपराध था। योगी जी आए तो भ्रष्टाचार गायब और वहां सुरक्षा का वातावरण बन गया। वहां बड़े-बड़े निवेश आना शुरू हो गए। यदि सच्चाई में छत्तीसगढ़ में सुरक्षा होती तो 5 साल में अलग-अलग कंपनियों के निवेश आते। जैसे अलग-अलग राज्यों में बड़ी-बड़ी फैक्ट्रियां लग रही हैं और रोजगार मिल रहा है। हम सब जानते हैं कि कांग्रेस ने इतने झूठे वादे किए हैं। झूठ ही इनकी राजनीति है। लोगों को बेवकूफ बनाने का इनका काम है। झूठे वादे करके सरकार में आए और भ्रष्टाचार करने लगे। भाजपा जनता के परिवार की सेवा करती है और भूपेश बघेल की सरकार अपने लोगों के परिवार के लिए काम करती है। भारत मोदी जी के नेतृत्व में बहुत आगे बढ़ रहा है। हम 11वे नंबर की अर्थव्यवस्था थे। आज हम पांचवें नंबर के अर्थव्यवस्था हैं। मोदी जी ने गारंटी दी है कि हम बहुत जल्द तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनेंगे। उस प्रगति का प्रभाव यहां लाना है तो छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनना ही है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने अपने ओजस्वी भाषण में कांग्रेस की भूपेश सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान करते हुए कहा कि जिस तरह से पूरा महासमुंद भाजपामय हो गया है, भूपेश बघेल को रात भर नींद नहीं आने वाली। मुख्यमंत्री निवास में कर्मचारी बुलाए जाएंगे और भूपेश बघेल का बोरिया बिस्तर बांधने की तैयारी होगी।

उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने दो केंद्रीय मंत्री भेजे हैं कि महासमुंद की जनता से मिलकर आओ और छत्तीसगढ़ में कमल खिलाओ। हमारे केंद्रीय मंत्रियों ने मोदी सरकार की उपलब्धियां आपको बताई हैं। मोदी सरकार गांव गरीब किसान की तरक्की के लिए काम करती है। आज गांव गरीब किसान की चिंता होती है क्योंकि आजादी के बाद पहली बार एक गरीब मां का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना है तब गांव गरीब किसान के लिए काम होता है। गांव गरीब किसान की तरक्की हो रही है। राज्य में भूपेश बघेल की सरकार बने पौने 5 साल हो गए। भूपेश बघेल की सरकार ने कोई काम नहीं किया। स्कूल, अस्पताल, सड़क पुल पुलिया बनाना सरकार के काम हैं लेकिन भूपेश सरकार ने यह काम नहीं किया। भूपेश बघेल गेड़ी चढ़ते हैं। भंवरा चलाते हैं और बासी खाते हैं, वह भी कांटे वाली चम्मच से। भूपेश बघेल ऐसा करते हैं जैसे गेड़ी का आविष्कार उन्होंने ही किया हो। बोरे बासी का आविष्कार भूपेश बघेल ने किया हो। हम पुरखों के जमाने से गेड़ी चढ़ते आ रहे हैं। हम छत्तीसगढिय़ों को वह गेड़ी चढऩा सिखाते हैं। हम छत्तीसगढिय़ों को बासी खाना सिखाते हैं। जिस काम के लिए मुख्यमंत्री बनाया है भूपेश बघेल वह काम क्यों नहीं करते? आज छत्तीसगढ़ में भूपेश और ढेबर की सरकार लूट मचाए हुए है।

उन्होंने महासमुंद विधायक पर हमला करते हुए कहा कि दोनों हाथों से लूट रहे हैं। चंद्रपुर विधायक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके पास कितने पैसे देखे। क्या यह शराब का पैसा है? रेत का पैसा है? यह बंडल बंडल नोट कहां से आये? छत्तीसगढ़ की जनता जानना चाहती है। भूपेश बघेल बताएं। उनके विधायक के घर से नोटों के जो बंडल मिले हैं, वह गरीब जनता के पैसे हैं। गरीब जनता के आवास के पैसे खाने से बंडल बंडल रुपया मिल रहा है। भूपेश की सरकार दोनों हाथ से लूटने का काम कर रही है। बिजली का बिल हाफ होने कहा था। किसी का बिल हाफ नहीं हुआ। भूपेश बघेल गंगाजल हाथ में लेकर बोले थे बिजली बिल हाफ होगा। नहीं हुआ। बिजली का बिल देखकर करंट लग जाता है। एक बल्ब जलाने वाले का 1100 से 1300 का बिल आ जाता है। बदला चुकाना है। भूपेश बघेल की सरकार छत्तीसगढ़ को बर्बाद करने पर तुली हुई है। भगवा ध्वज का अपमान करती है। बिरनपुर की घटना याद करें। 40 लोगों ने इक_ा होकर निर्दोष युवक की हत्या की। भिलाई में मलकीत सिंह नाम के नौजवान को हिंदुस्तान जिंदाबाद कहने पर मार डाला गया। मार मारकर उसके शरीर पर नाच कर वीडियो बनाए। मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के जिले में बेखौफ होकर अपराधी तांडव कर रहे हैं। नंगा नाच करते हैं। खुले आम अपराध करते हैं। रक्षाबंधन के दिन दो बेटियों के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ। शिक्षक दिवस के दिन एक शिक्षिका के साथ सामूहिक बलात्कार हुआ। जिस दिन प्रियंका गांधी छत्तीसगढ़ आईं एडिशनल एसपी के ऑफिस के पास राजधानी रायपुर में सामूहिक बलात्कार हुआ। आज छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था का राज नहीं है। अपराधी बेखौफ होकर माता बहनों की इज्जत तार तार कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ के हालात बदलने चाहिए। यह सरकार हर वर्ग को ठगने का काम कर रही है। विधवा बहनों को पेंशन तक छह महीने नहीं मिल रही। 16 लाख गरीब परिवार प्रधानमंत्री आवास से वंचित करने का काम भूपेश बघेल की सरकार ने किया है। हर गरीब को पक्का मकान मिलना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद ही हर गरीब को पक्का मकान मिलेगा। परिवर्तन यात्रा छत्तीसगढ़ को बचाने के लिए है। छत्तीसगढ़ में कानून का राज लाकर अपराधियों को जेल में डालने के लिए है। भ्रष्टाचार मुक्त छत्तीसगढ़ के लिए यह परिवर्तन यात्रा है।

सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री महेंद्र मूंजपारा ने कहा मोदी सरकार की योजनाएं कांग्रेस यहां लागू नहीं होने दे रही इसीलिए अब यहां डबल इंजन की सरकार चाहिए।
परिवर्तन यात्रा की इस सभा मे यात्रा प्रभारी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा,महेश गागड़ा ,निरंजन सिन्हा,सांसद चुन्नीलाल साहू,जिला संग़ठन प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती रूपकुंमारी चौधरी,पूर्व राज्यमंत्री पूनम चन्द्राकर ,यात्रा के दिवस प्रभारी पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा,सह प्रभारी संध्या परगनिहा,जिला महामंत्री द्वय प्रदीप चन्द्राकर, संजय शर्मा,खल्लारी विधानसभा प्रत्यासी अलका चन्द्राकर,विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा,प्रदेश सदस्य इंद्रजीत सिंह गोल्डी,विधानसभा संयोजक चंद्रहास चन्द्राकर, सह संयोजक संदीप दीवान, सहित भाजपा एवम मोर्चा प्रकोष्ठ के जिला मण्डल के सभी प्रमुख पदाधिकारी,विधानसभा समन्वय समिति के सदस्य, यात्रा के व्यवस्था प्रभारी सदस्य,जनप्रतिनिधिगण सहित हजारो की संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकगण उपस्थित थे 7

—————

Related Articles

Back to top button