https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

बच्चों के भविष्य से जुड़ा है स्कूल मरम्मत, शेष कार्यों को प्राथमिकता से करें पूर्ण:कलेक्टर

रायगढ़ । बच्चों का भविष्य उनके पढ़ाई-लिखाई से बनती है। जिसका हमें पूरी प्राथमिकता से ध्यान देना जरूरी है। नये सत्र में स्कूल शुरू हो चुके है। लेकिन कुछ जगहों पर आज भी स्कूल मरम्मत के कार्य अधूरे पड़े है जो कि अच्छी बात नहीं है। बच्चोंं के पढ़ाई से बड़ा कोई काम नहीं है, मरम्मत कार्य के चलते उनके अध्ययन-अध्यापन में कोई नुकसान नहीं होना चाहिए। इसका विशेष ध्यान रखते हुए प्राथमिकता के साथ सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करें। लापरवाही पाये जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उक्त बातें कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने स्कूल में चल मरम्मत कार्य को देखने पहुंचे निरीक्षण के दौरान कही। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत श्री जितेन्दर यादव भी साथ उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा आज विकासखण्ड घरघोड़ा एवं तमनार के दौरे पर पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल, कन्या आश्रम छात्रावास, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे कार्यों को देखा एवं संबंधित ठेकेदारों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने प्राथमिक शाला बैहामुड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने आगामी विधानसभा निर्वाचन के मद्देनजर यहां मतदान केंद्र के लिहाज से सभी तैयारियां सुनिश्चित करने एवं टायलेट को बेहतर करने हेतु ठेकेदार को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला विद्यालय घरघोड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को शेष मरम्मत कार्य को 30 जुलाई तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने लैब, लाइब्रेरी एवं शौचालय को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों के लिए ठेकेदार को बुक दान करने को कहा। कलेक्टर श्री सिन्हा ने शासकीय प्राथमिक शाला सराईपाली का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिन्हा ठेकेदार को कल से कार्य प्रारंभ करते हुए आगामी 2 से 3 माह में मरम्मत का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरपंच से समिति गठित कर कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य गुणवत्ता पूर्ण होनी चाहिए। इस दौरान यहां उन्होंने निर्वाचन के संबंध में भी चर्चा किए।कलेक्टर श्री सिन्हा आंगन बाड़ी केंद्र नवापारा (टेण्डा) का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कुपोषित बच्चों की जानकारी ली। कार्यकर्ता ने बताया कि 3 बच्चे कुपोषित हैं, कलेक्टर श्री सिन्हा ने उन्हें अंडा, सुपोषण आहार प्रदान करने के साथ ही उन्हें एनआरसी में भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने सरपंच एवं कार्यकर्ता को बच्चों के गृह भेंट कर परिजनों का काउंसलिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हमें सुपोषण आहार के माध्यम से तीनों बच्चों को सुपोषित करना हैं। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी में रेडी टू ईट से बने लड्डू को चखा।कलेक्टर श्री सिन्हा घरघोड़ा के बैहामुडा में चले रहे जल जीवन मिशन के कार्यों का निरीक्षण किया।
यहां उन्होंने हितग्राही श्रीमती गुरबारी सारथी से बात की। उन्होंने बताया की दो टाइम पानी आता है। उन्होंने पीएचई अधिकारी को जल जीवन मिशन के लंबित सभी कार्य को पूर्ण करते हुए व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिन्हा ने विकासखंड तमनार के ग्राम पंचायत सराईपाली में जल जीवन मिशन अंतर्गत पेयजल के तहत किए गए कार्यों का निरीक्षण किया एवं जानकारी ली। ठेकेदार ने बताया कि 375 घरों में पेयजल नल कनेक्शन दिया गया है, वाटर लेवल कम होने के कारण कुछ दिक्कतें हो रही थी। कलेक्टर श्री सिन्हा ने सभी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गांव में भू-जल स्तर सुधार हेतु कार्य करने के निर्देश दिए ताकि गर्मी में जल की समस्या न हो।
कृषक ने बताया कि खाद की नहीं हो रही परेशानी
कलेक्टर श्री सिन्हा सहकारी समिति नवापारा (टेण्डा) पहुंचे। उन्होंने वहां कृषक बोध राम गुप्ता से खाद के संबंध में जानकारी ली। कृषक ने बताया कि वे यहां राखड़, यूरिया एवं डीएपी लेने आया था। उन्होंने खुशी-खुशी बताया कि समिति में किसी प्रकार की समस्या नहीं है। इस दौरान कलेक्टर श्री सिन्हा ने वर्मी भंडारण की स्थिति की जानकारी ली।
हाउसिंग बोर्ड सब इंजीनियर के वेतन वृद्धि रोकने के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री सिन्हा ने आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने चल रहे एनआरसी निर्माण कार्यों की जानकारी ली। कलेक्टर श्री सिन्हा के द्वारा गत दिवस दौरे के दौरान दिए गए निर्देश उपरांत कार्य समय पर पूर्ण नहीं करने पर हाउसिंग बोर्ड के सब इंजीनियर की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां 20 बेड ईआरसीडी वॉर्ड का भी निरीक्षण किया।
कलेक्टर ने सुमन को दिया गिफ्ट में अपना पेन
शासकीय माध्यमिक स्कूल भालूमार निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिन्हा ने कक्षा छठवीं की सुमन से श्लोक पूछा, उन्होंने कलेक्टर को श्लोक सुनाया जिस पर कलेक्टर श्री सिन्हा ने अपना पेन निकाल कर बच्ची को गिफ्ट कर दिया। इस दौरान उन्होंने अनुज राठिया से भी बात की। कक्ष निरीक्षण के दौरान सीलन का स्थाई समाधान करने के निर्देश देते हुए यहां अतिरिक्त दरवाजा बनवाने को कहा। उन्होंने प्राथमिक शाला भालूमार का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मतदान केंद्र के लिहाज से यहां सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत में महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे आधार कार्ड के कार्य को देखकर खुशी जाहिर करते हुए महिलाओं को प्रोत्साहित किया।
वृक्षारोपण के तैयारियों को देखने पहुंचे कलेक्टर
ग्राम-मौहापाली में लगभग 16 एकड़ में किए जा रहे वृक्षारोपण के कार्य की तैयारियों को देखने आज कलेक्टर श्री सिन्हा पहुंचे। उन्होंने यहां वृक्षारोपण के लिए किए जा रहे गड्ढा खुदाई कार्य को देखा एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित किए। विभागीय अधिकारी द्वारा बताया गया कि यहां लगभग 1760 पौधरोपण के लिए गड्ढा खुदाई की जा रही है तथा पौधों की सिंचाई के लिए दो बोर खनन किए गये है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने पौधों की सुरक्षा हेतु फेसिंग के कार्य को अतिशीघ्र करने के निर्देश दिए।
रीपा का किया निरीक्षण, गतिविधियों की ली जानकारी
कलेक्टर श्री सिन्हा ने घरघोड़ा रीपा का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कोसा धागा यूनिट को देखा एवं समूह की महिलाओं से चर्चा की। समूह की हीरामती पटेल, सुरूचि राठिया ने बताया कि कोसा धागाकरण से उन्हें अच्छी आय प्राप्त हो रही है। इसी प्रकार आटा चक्की एवं लोक सेवा केन्द्र भी पहुंचे। लोक सेवा केन्द्र संचालक ऐश कुमारी राठिया ने बताया कि माह में लगभग 15 हजार रुपये तक की आय अर्जित हो रही है। कलेक्टर श्री सिन्हा ने राईस मिल यूनिट निरीक्षण के दौरान इसे अतिशीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में उन्होंने तमनार रीपा का भी निरीक्षण किया।
फेब्रिकेशन यूनिट का निरीक्षण कर संचालक से बात की। उन्होंने बताया कि पहले की अपेक्षा उनको वर्तमान में अधिक कार्य मिल रहा है एवं आसानी से पूर्ति कर पा रहे है। चैन लिंक फेसिंग यूनिट की संचालक सहोद्रा साव ने बताया कि फेसिंग की अच्छी डिमांड है। वर्तमान में अभी तीन लोग कार्य कर रहे है। माह में अच्छी बिक्री हो जा रही है। इसी प्रकार वे सीएनसी राउटर मशीन भी देखने पहुंचे। उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली एवं मशीन की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र का भी निरीक्षण किया तथा बच्चों की संख्या के बारे में जानकारी ली।

Related Articles

Back to top button