पंचायत चुनाव : भाजपा की बढ़त कायम
जूदेव के पौत्र शौर्य प्रताप और मुख्यमंत्री के साले सालिक साय जशपुर से विजयी, कोरबा, धमतरी में भी भाजपा समर्थकों की जीत

रायपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तीसरे चरण के मतदान होने के पश्चात आज परिणाम आने लगे हैं। जशपुर जिले से भाजपा को बढ़त प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री के साले सालिक साय और स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के पौत्र शौर्य प्रताप सिंह चुनाव जीत गए हैं। कोरबा में भाजपा के 12 प्रत्याशी विजयी हुए हैं। पूर्व गृहमंत्री की बहू हार गई है। भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि शीघ्र ही जिला जनपद अध्यक्ष के चुनाव के लिए रणनीति बनाई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार तीसरे चरण में कुल 50 ब्लॉक में चुनाव हुए। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच, जनपद सदस्य एवं जिला जनपद अध्यक्ष के लिए चुनाव हुए। पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर होते हैं लेकिन कांग्रेस एवं भाजपा ने अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया था जिसके चलते यह चुनाव काफी प्रतिष्ठापूर्ण हो गया है। जशपुर जिले में मुख्यमंत्री की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। यहां पर कुल 14 जनपद सदस्य हैं। इनमें से अधिकांश भाजपा समर्थित हैं। पूर्व विधायक विनय भगत की बहू चुनाव जीत गईं हैं। वहीं पूर्व मंत्री रामपुकार की बेटी आरती सिंह भी चुनाव जीत गईं हैं। इस तरह कांग्रेस समर्थित चार निर्वाचित हुए हैं। मुख्यमंत्री साय ने भी अपने गृहग्राम बगिया में जाकर मतदान किया तथा लोगों का मनोबल बढ़ाया। आयोग के अनुसार एक मार्च के पहले सभी का निर्वाचन हो जाएगा। जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों को उठाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर उन्हें घुमाने ले जाया जा रहा है। कोरबा में कुल 14 जनपद सदस्य हैं। पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर की बहू भी चुनाव हार गईं हैं। यहां पर भाजपा समर्थकों का दबदबा है। कटघोरा एवं पाली में चुनाव हुए हैं। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक सदस्य निर्वाचित हुआ है। कटघोरा से गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का विधायक है। सिहावा-नगरी की विधायक अंबिका मरकाम ने बताया कि नगरी-सिहावा में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत पंच-सरपंच का निर्वाचन हो गया है। वहीं बालोद जिले के गुरूर व गुण्डरदेही में भी मतदान हो चुका है। यहां पर परिणाम देर शाम तक आने की संभावना है। रायपुर जिले एवं महासमुंद जिले में जनपद अध्यक्ष बनने वाले अब मुख्यमंत्री निवास की गणेश परिक्रमा कर रहे हैं।
27 को पार्षदों व महापौर का शपथ ग्रहण
नगरीय निगम रायपुर के चुनाव में भाजपा को मिली सफलता के पश्चात अब इंडोर स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 27 फरवरी को होगा। इनमें नवनिर्वाचित पार्षद एवं महापौर पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। पार्षदों ने बताया कि सभापति का चुनाव अभी नहीं हुआ है। इसके लिए पर्यवेक्षक तैनात किया गया है। पर्यवेक्षक पार्षदों से रायशुमारी करेंगे। इसके बाद ही अधिकृत प्रत्याशी तय किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।