https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा जिले के पांचों निकायों में खिला भाजपा का कमल

दंतेवाड़ा । प्रदेश में भाजपा की सरकार होने का जबरदस्त फायदा भाजपा को मिला है। आज हुए नगरीय निकायों के मतगणना में दंतेवाड़ा जिले के पांचों नगरीय निकाय के चुनाव में भाजपा ने अपना भगवा झण्डा गाड़ दिया है। दंतेवाड़ा, किरंदुल, बचेली, बारसूर व गीदम निकायों में अब पूरी तरह से भाजपा का कब्जा हो गया है और इन पांचों निकायों में अब भाजपा के अध्यक्ष होंगे। वहीं कांग्रेस को निकाय चुनावों में मुंह की खानी पड़ी है। पिछले बार 5 में से 3 निकाय-बचेली, किरंदुल व गीदम में कांग्रेस का कब्जा था जबकि दंतेवाड़ा व बारसूर भाजपा ने जीता था। लेकिन इस बार परिस्थित पूरी तरह से उलट है पांचों के पांचों निकाय इस बार बीजेपी की झोली में आ गिरा है।
आज सुबह जैसे ही 9 बजे दंतेवाड़ा के डाईट परिसर में मतगणना का कार्य प्रारंभ हुआ सबसे पहले वार्ड नंबर 1 की काउंटिंग हुई। बता दें कि नपा दंतेवाड़ा की वार्ड नंबर 1 अंबेडकर वार्ड हाईप्रोफाईल सीट बनी हुई थी यहां भाजपा से पूर्व पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह व कांग्रेस से पूर्व पार्षद एन नागराजू के बीच कांटे की टक्कर थी। सबकी निकाग इस वार्ड पर ही सबसे ज्यादा रही। मतगणना के बाद जैसे ही लोगों को मालुम पड़ा की वार्ड नंबर 1 की सीट कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी एन नागराजू ने करीब 200 वोटों से जीत दर्ज कर ली है लोगों में चर्चा का विषय रहा। सभी लोगों की निकाग वार्ड नंबर 1 की सीट पर ही जमी रही। ईधर जैसे जैसे दिन चढ़ता गया एक एककर रिजल्ट सामने आते रहे। दंतेवाड़ा नगर पालिका के 15 वार्डो की बात करें तो यहां पार्षद के लिए 8 सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की है जबकि कांग्रेस मात्र 7 सीट ही जीत पाई है। यहां अध्यक्ष का टक्कर भाजपा व कांग्रेस के बीच रहा। कांग्रेस से सुमित्रा शोरी व भाजपा से पायल गुप्ता मैदान में थी। चुनाव परिणाम आने के बाद 558 मतों से भाजपा की अध्यक्ष प्रत्याशी पायल गुप्ता ने जीत दर्ज कर पालिका में अपना कब्जा बरकरार रखा। यकीनन भाजपा की बहुमत होने से अब उपाध्यक्ष की कुर्सी भी भाजपा के खाते में ही जाना निश्चित है। जैसे ही अध्यक्ष पद के लिए पायल गुप्ता के विजयी होने की खबर मतगणना कक्ष से बाहर आई भाजपा समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। मतगणना स्थल के बाहर जमा कार्यकर्ता पायल गुप्ता जिन्दाबाद, भारतीय जनता पार्टी जिन्दाबाद, नरेंद्र मोदी जिन्दाबाद के नारे लगाने लगे। थोड़ी ही देर में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी भी अपने समर्थकों के साथ डाईट परिसर स्थल पर पहुंच गए जिसके बाद तो माहौल और भी ज्यादा हॉट हो गया। ईधर कांग्रेस समर्थक भाजपा के पक्ष में माहौल बनता देख एक एककर मतगणना स्थल से खिसकने लगे। जीते हुए सभी पार्षदों ने अपने विधायक चैतराम अटामी का आर्शीवाद लिया। जीते हुए सभी पार्षदों ने विधायक चैतराम अटामी को फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया और लडडू खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया। श्री अटामी ने भी जीते हुए सभी पार्षदों को लडडी खिलाकर उन्हें जीत की बधाई दी।
विधायक चैतराम अटामी ने मिडिया से मुखातिब होते कहा कि छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय की सरकार ने जिस तरह से गरीब, मजदूर, किसान, बेरोजगार युवाओं एवं महिलाओं के लिए काम किया है उससे प्रभावित होकर आज हर ओर भाजपा की विजय हो रही है। दंतेवाड़ा जिले के देवतुल्य जनता ने पाचों के पांचों निकाय भाजपा की झोली में डाल दिया है इसके लिए हम जनता जर्नादन के कृतज्ञ हैं। जिस आशा और अनुरूप में हमें जीत मिली है जनता की इस उम्मीद को भाजपा पूरा करेगी। जनता के हित में काम किया जाएगा। अध्यक्ष पद पर विजयी होने के बाद पायल गुप्ता ने कहा कि दंतेवाड़ा नगर पालिका क्षेत्र की जनता ने मुझे दुबारा से चुना है इसके लिए मैं जनता जर्नादन का सिर झुकाकर उनका धन्यवाद करती हूं। पायल ने कहा कि नगर में जनता को हर प्रकार की सुविधा मिल सके। जनता के हितों के लिए वे समर्पित होकर काम करेंगी। नाली, बिजली, पानी, सड़क, सफाई उनकी प्राथमिकता होगी। हमें पूर्ण बहुमत मिला है तो जवाबदारी भी अब और ज्यादा बढ़ गई है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। ्र
ईधर गीदम नगर पंचायत में भी भाजपा के रजनीश सुराना ने अपने प्रतिद्वंदी कांग्रेस के रविश सुराना को हराकर नगर पंचायत अध्यक्ष गीदम की कुर्सी पर जीत दर्ज कर ली है। यहां भाजपा से 10 पार्षद तो 10 से 5 पार्षदों ने विजय हासिल की है। बचेली नगर पालिका की बात करें तो यहां भी भाजपा के राजू जायसवाल ने अध्यक्ष के लिए जीत दर्ज किया है उन्होने कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष पूजा साव को कड़े मुकाबले में शिकस्त देकर विजयश्री हासिल की है। बचेली के 18 वार्ड में से 9 पर कांग्रेस, 8 पर भाजपा व 1 निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। किरंदुल नगर पालिका का चुनाव भी जबरदस्त देखने को मिला यहां मुकाबला भाजपा, कांग्रेस व सीपीआई के बीच त्रिकोणीय माना जा रहा था लेकिन अंतत: यहां भी नगर पालिका में भाजपा का ही कमल खिला है। भाजपा प्रत्याशी रूबी सिंह ने यहां से जीत दर्ज की है। यहां के 18 वार्डो की बात करें तो 5 सीट पर कांग्रेस, 5 सीट पर भाजपा, 5 सीट पर सीपीआई व 3 निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। बारसूर नगर पंचायत में भी भाजपा ने कब्जा किया है यहां से भाजपा प्रत्याशी सुभद्रा नेगी ने जीत दर्ज की है। बारसूर में 8 पार्षद बीजेपी से, 6 कांग्रेस से तो 1 प्रत्याशी निर्दलीय जीता है। इस प्रकार दंतेवाड़ा जिला अंतर्गत सभी पांचों निकायों में भाजपा ने जीत दर्ज कर एक प्रकार से क्लिन स्वीप कर लिया है।

Related Articles

Back to top button