https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

बगिया का लाल बना छत्तीसगढ़ का मुखिया

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ में रविवार को नई सरकार के मुखिया का भाजपा ने चयन कर लिया। जशपुर जिले के आदिवासी नेता रायगढ़ के पूर्व सांसद और कुनकुरी के विधायक विष्णु देव साय को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाकर भाजपा ने आदिवासी समाज को नेतृत्व करने का संदेश दिया है। बताया जाता है कि छत्तीसगढ़ में 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का सेहरा आदिवासी समाज के माथे पर बांधकर केंद्रीय नेतृत्व में 2024 की राह आसान कर ली है। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र से चार बार सांसद रहे विष्णु देव साय के मुख्यमंत्री बनने पर प्रदेश सहित सरगुजा संभाग और रायगढ़ जिले में अपार उत्साह का संचार हुआ है। रायगढ़ जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री के तौर पर विष्णु देव साय के नाम की घोषणा से भाजपा कार्यकर्ताओं ने जहां जमकर आतिशबाजी की वहीं मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाई। रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद और प्रदेश के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करीब 34 वर्ष की आयु में पहली बार वर्ष 1999 में सांसद निर्वाचित हुए और लगातार चार बार उन्होंने रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। जशुपर जिले के कांसाबेल ब्लॉक के बगिया के आदिवासी किसान परिवार के विष्णु देव साय महज 21 वर्ष की उम्र में निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए और 26 वर्ष की आयु में उन्हें प्रथम बार विधायक बनने का अवसर मिला। जशुपर जिले के तपकरा विधानसभा क्षेत्र से 1990 में पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 1993 में दूसरी बार विधायक बने। उसके बाद उन्हें वर्ष 1999 में लोकसभा क्षेत्र के प्रतिनिधित्व का अवसर मिला और लगातार चार बार सांसद रहे। इस दौरान 27 मई 2014 से 9 नवंबर 2014 तक साय के केंद्रीय राज्य मंत्री, खान इस्पात और श्रम रोजगार मंत्री रहे। साथ ही 9 नवंबर 2014 से 5 जुलाई 2016 तक वह केंद्रीय राज्य मंत्री, खान मंत्रालय और इस्पात मंत्रालय रहे। इसके अलावा 5 जुलाई 2016 से वे 2019 तक केंद्रीय राज्य मंत्री इस्पात मंत्रालय के पद पर रहे।

Related Articles

Back to top button