https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
खेल – मनोरंजन

खेल के दीवानों के लिए शानदार शुरुआत

डूरंड कप-2023, एशिया का सबसे पुराना टूर्नामेंट, अब फिर से लोकप्रियता की ओर

जसवंत क्लाडियस,तरुण छत्तीसगढ़ संवाददाता
हमारे देश को सैकड़ों वर्षों तक विदेशी ताकतों से जूझना पड़ा है। करीब एक हजार साल में आक्रमणकारियों ने भारत के सहन-सहन, कला, संस्कृति, खान-पान, आपसी सौहाद्र्र को तहस-नहस करने की कोशिश की लेकिन भारत के लोग सभी विपत्तियों को झेलते हुए अपनी पहचान बनाए रखने में सफल हुए। यह जरूर है कि मानव जीवन के कई क्षेत्र में अच्छे गुणों, पहिरावा, भोजन, व्यवहार को भारतीयों ने आत्मसात कर लिया। इनमें से एक खेलकूद का क्षेत्र भी है। हमारे देश के पुरातन खेलों में कुश्ती, शतरंज, चौरस, तैराकी, पतंगबाजी, तीरंदाजी, ताश, एथलेटिक्स के इवेंट, घुड़सवारी, सांप-सीढ़ी, कबड्डी, खो-खो, पोलो, गिल्ली-डंडा आदि सम्मिलित हैं। इन सबके बावजूद ब्रिटिश शासनकाल के दौरान हाकी, फुटबाल, व्हालीबाल, क्रिकेट, टेनिस ने भारत में जड़ पकड़ लिया। भारत को गांवों में बसे हुए देश के रूप में प्रचारित-प्रसारित किया जाता रहा है अत: भारत के कोने-कोने में उपरोक्त खेल लोकप्रिय हो गए। 19वीं सदी के उत्तराद्र्ध में फुटबाल ने हमारे देश के निवासियों में विशेष स्थान बना लिया। इस बात को ध्यान में रखते हुए 1884 से 1894 के बीच भारत के विदेश सचिव रहे सर हैनरी मोर्टिमर डूरंड ने भारत के सशस्त्र बलों और रियासतों के विभिन्न विभागों के साथ ही रेजिमेंटों के लिए एक फुटबाल टूर्नामेंट को शुरु किया जिसे आज हम इसके संस्थापक के नाम से डूरंड कप टूर्नामेंट के नाम से जानते हैं। डूरंड कप स्पर्धा की शुरुआत 1888 में शिमला में हुई। 135 वर्ष पुरानी यह टूर्नामेंट आज भी खेली जा रही है। यह चैंपियनशिप एशिया का सबसे पुराना वर्तमान क्लब फुटबाल है जबकि दुनिया का पांचवा सबसे पुराना राष्ट्रीय फुटबाल स्पर्धा है। यह टूर्नामेंट वर्तमान में भारतीय फुटबाल के सीजन की शुरुआत करता है। 2023 में आयोजित इस प्रतियोगिता में 24 टीम ने भाग लिया। जिसमें इंडियन सुपर लीग की बेंगलुरू, ईस्ट बेंगाल, चेन्नईयीन, गोवा, हैदराबाद, जमशेदपुर, केरला ब्लासटर्स, मोहन बागान, नार्थ ईस्ट यूनाइटेड, ओडिसा तथा पंजाब की टीम थी जबकि आई-लीग से दिल्ली, गोकुलम केरला, मोहम्मडन, राजस्थान यूनाईटेड, शिलांग लाजोंग, रीजनल लीग टीम में से बोडोलैंड जबकि भारतीय सेना से इंडियन एयर फोर्स, इंडियन आर्मी, इंडियन नेवी की टीम शामिल हुई। डूरंड कप 2023 में फुटबाल की इस चैंपियनशिप को अधिक रोचक व संघर्षपूर्ण बनाने के लिए विदेशी सेना की टीम बांग्लादेश आर्मी तथा त्रिभुवन आर्मी को भी आमंत्रित किया गया। 24 टीम के बीच कोलकाता, गुवाहाटी, कोकराझार में मैच खेले गये। ग्रुप स्टेज से ईस्ट बेंगाल, मोहन बागान, सुपर जेंट, मुंबई सिटी, गोलकुल केरला, गोवा, नाईईस्ट यूनाईटेड, चेन्नईयीन, इंडियन आर्मी ने अगले चक्र के लिए योग्यता हासिल की। नाक आउट क्वार्टर फायनल में नार्थ ईस्ट यूनाईटेड ने इंडियन आर्मी, ईस्ट बेंगाल ने गोकुलम केरला, गोवा ने चेन्नईयीन और मोहन बागान एसजी ने मुंबई सिटी को परास्त करके सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल में ईस्ट बेंगाल ने नार्थ ईस्ट यूनाईटेड दूसरी तरफ मोहन बागान एसजी ने गोवा को पराजित किया। फायनल में मोहन बागान एसजी ने अपने चिरप्रतिद्वंद्वी ईस्ट बेंगाल को 1-0 से पछाड़कर ट्राफी के इतिहास में 17वीं बार कब्जा किया। इस तरह भारत में 2023-24 के फुटबाल सत्र का आरंभ हो गया। भारतीय फुटबाल संघ इस खेल के गौरव को वापसी के लिए लगातार प्रयासरत है। इस वर्ष भारतीय फुटबाल टीम की परीक्षा चीन के एशियाई खेलों 2023 में भी होगी। जहां भारत कीि पुरुषों की अंडर-23 की टीम भाग ले रही है। वर्तमान में भारतीय पुरुष टीम को फीफा द्वारा जारी वरीयता में 208 देशों में 99वें स्थान प्राप्त है। जबकि एशिया के 46 देशों में भारतीय टीम को 18वां स्थान हासिल है। इस दृष्टि से अभी हमारे देश में फुटबाल को और बढ़ावा दिये जाने की जरूरत है।

Related Articles

Back to top button