https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

इंद्रदेव को मनाने भीमसेन जात्रा में जुटे 12 लंकवार के ग्रामीण

दंतेवाड़ा । दक्षिण बस्तर की पारंपरिक पूजा पद्धतियों में आधुनिकता का साया अभी नहीं पड़ा है। ग्रामीण अपने रीति रिवाजों और संस्कृति के प्रति उतने ही आस्थावान हैं, जैसे पहले थे। प्रकृति पूजा के समृद्धशाली परंपरा के वाहक आदिवासियों की कई पीढ़ी इन पद्धतियों को नहीं भूला पाई है। पीढ़ी दर पीढ़ी इनका हस्तांतरण होता रहा है। खेती किसानी का समय आते ही यहां देवी-देवताओं को मनाने और उनकी पूजा का क्रम शुरू हो जाता है। इसी क्रम में शुक्रवार को भीमसेन जात्रा पूजा की परंपरा भी दंतेवाड़ा में निभाई गई। श्रावण माह शुरू होने के उपरांत भी अंचल में अब तक अच्छी बारिश नहीं होने से अकाल पडऩे की आशंका से ग्रामीण अब देवी देवताओं को मनाने में लग गए हैं। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी जुलाई माह में शुक्रवार को भीमसेन जात्रा की परंपरा निभाई गई। अंचल में अच्छी बारिश के लिए भगवान इंद्रदेव को मनाने ग्रामीणों ने पूजा अर्चना की। अच्छी बारिश, अच्छी फसल तथा गांव की सुख-समृद्धि की कामना के साथ ग्रामीण बड़ी संख्या में यहां जुटे। करीब 12 परगनाओं के सैकड़ों ग्रामीण भीमसेन जात्रा में देव पूजा में शामिल होने पहुंचे थे। परंपरानुसार सुबह शीतला माता मंदिर में माता की पूजा अर्चना हुई। पूजा अर्चना मां दंतेश्वरी मंदिर के मुख्य पुजारी द्वारा की गई। इसके बाद दोपहर को पुराने रेस्ट हाउस के पास गांवदेई गुड़ी में सभी ग्रामीण पहुंचे। इस गुड़ी में सभी गांव की सबसे बड़ी देवी विराजमान है। पूजा के दौरान यहां बकरा, मुर्गा, मुर्गी, सुअर व बतख की बलि दी गई। इस जात्रा में आसपास के समस्त गांव के सिरहा-गुनिया और ग्रामीण शामिल हुए। वैसे तो भीमसेन जात्रा की यह परंपरा हर वर्ष जुलाई के दूसरे मंगलवार को निभाई जाती है। लेकिन इस साल मंगलवार की जगह भीमसेन अर्थात इन्द्रदेव की पूजा शुक्रवार को संपन्न किया गया इसके पीछे माता मंदिर के पुजारी ने यह तर्क दिया कि चूंकि भीमसेन जात्रा पूजा मंगलवार को ही किये जाने की परंपरा शुरू से रही है लेकिन इस बार यह शुक्रवार का दिन इसलिए चुना गया क्योंकि रविवार को हरियाली अमावस्या पड़ रहा है और विधान है कि अमावस्या पर्व से पहले ही भीमसेन पूजा किया जाता है इसलिए मंगलवार की जगह शुक्रवार को भीमसेन जात्रा पूजा संपन्न किया गया। ऐसी मान्यता है कि इस जात्रा और पूजा के बाद इंद्र देवता प्रसन्न होते हैं और उनके आशीर्वाद स्वरूप वर्षा होती है, जिससे कृषि और किसानी को नया जीवन मिलता है। इससे ग्रामीण इलाकों में समृद्धि आती है।

Related Articles

Back to top button