https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

भानुप्रतापपुर उपचुनाव: 8 को होगी मतों की गणना

रायपुर। भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए मतगणना स्थल भानुदेव कालेज में स्थित स्ट्रांग रूम में सभी ईवीएम जमा कर दी गई है। कलेक्टर, एसपी सहित पे्रक्षकों ने यहां सुरक्षा के तगड़े प्रबंध करने के संबंध में आज जायजा लिया।
जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर उपचुनाव के लिए मतों की गणना का कार्य 8 दिसम्बर को प्रात: 8 बजे से शुरू हो जाएगा। भानुप्रतापपुर में 1.96 लाख मतदाता हैं। मतों की गणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। प्रत्येक चरण में 14 चक्र होंगे। इस तरह कुल 19 राउंड में मतों की गणना की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार उपचुनाव के परिणाम दोपहर 2 बजे के आसपास घोषित कर दिए जाएंगे। इसके पहले रूझान पता चलने लगेगा। सामान्य प्रेक्षक एम.वेंकटचलैया प्रत्येक चरण की गणना के बाद दूसरे चरण की अनुमति देंगे। प्रत्येक चरण की गिनती में जिला निर्वाचन अधिकारी और सामान्य प्रेक्षक के हस्ताक्षर होंगे। मतगणना के लिए राजनीतिक दलों के एजेंटों के पास बनाए जा रहे हैं। गणना के दौरान वे टेबल के समक्ष बैठकर गणना की जानकारी लेते रहेंगे।
देश में हिमाचल, गुजरात में मतदान के बाद 8 दिसम्बर को ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसलिए लोगों को अब इन दो प्रदेशों के अलावा स्थानीय चुनाव को लेकर भी काफी रुचि है। भानुप्रतापपुर उपचुनाव विधानसभा के चुनाव के पहले हो रहा है इसलिए इसे सेमीफाइनल माना जा रहा है। चुनाव में भाजपा के ब्रह्मानंद नेताम, कांग्रेस की सावित्री मंडावी और सर्व आदिवासी समाज के अकबर कोर्राम के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। सर्व आदिवासी समाज के चुनाव लड़ने से नए राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं।
कार की टक्कर से युवक की मौत
रायपुर, 6 दिसम्बर। अज्ञात कार की टक्कर से युवक की मौत हो गई। मामले में धरसींवा पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक श्याम पाठक 23 वर्ष एम्स अस्पताल के पास रहता था। बताया जाता है कि अमर जवान पेट्रोल पंप के सामने धरसींवा में अज्ञात कार चालक ने श्याम पाठक को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।

Related Articles

Back to top button