https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

सरकार ने व्यवस्थाओं से खरीदी का पेश किया उदाहरण :मदन

राजनांदगांव । जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू के साथ पार्टी पदाधिकारियों ने शुक्रवार को जिले में सहकारी समितियों में जाम धान के भंडार के उठाव को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा की है। छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरुप किसानों से बेहतर व्यवस्था के बीच धान खरीदी जिले में जारी है। कृषकों में इसे लेकर उत्साह है और इस वर्ष भी जिले में खरीदी के आंकड़े नए रिकॉर्ड की ओर बढ़ रहे हैं। जिला किसान कांग्रेस के मीडिया प्रभारी गौतम वर्मा ने जारी विज्ञप्ति में जानकारी दी कि, जिले के विभिन्न विकासखंड की सहकारी समितियों में क्षमता से अधिक धान भंडारण के चलते खरीदी प्रभावित हो रही है। इससे कृषकों को अनावश्यक ही उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। मिलर्स और परिवहन ठेकेदारों के धीमी गति से उठाव के चलते यह स्थिति बन रही है।
उन्होंने बताया कि इसे लेकर जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने कलेक्टर सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा की है। अध्यक्ष साहू ने जिला विपणन अधिकारी गजेंद्र ठाकुर, खाद्य अधिकारी भूपेंद्र मिश्रा और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ सुनील सोनी से इस संबंध में चर्चा करते हुए उपार्जन केंद्रों से तेज गति से धान के उठाव पर कार्रवाई किए जाने पर जोर देने की बात कही है। उन्होंने कहा कि, केंद्रों में धान खरीदी प्रभावित होने से दर्जनों गांवों के किसानों को अपनी उपज बेचने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त कर क्षमता से अधिक भंडारण वाले केंद्रों से उठाव की शीघ्र आवश्यकता है। ताकि जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में खरीदी निर्विघ्न जारी रहे। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू ने कहा कि, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली किसान हितैषी सरकार के निर्णयों ने नए अवसर मुहैया कराएं हैं। इस वर्ष सरकार ने एक नवंबर से ही खरीदी शुरु कर दी है जिसका परिणाम है कि केंद्रों में सुनिश्चित व्यवस्थाओं के बीच खरीदी जारी है। सरकार ने जिले में अब तक 97 हजार 848 किसानों से 40 लाख 69 हजार 798 क्विंटल धान की खरीद की है। 31 जनवरी 2023 तक सरकार द्वारा धान खरीदी जारी रहेगी। साहू ने कहा कि, सरकार ने सुनिश्चित व्यवस्थाओं के बीच प्रदेश में धान खरीदी का उदाहरण पेश किया है।

Related Articles

Back to top button