https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
खेल – मनोरंजन

विजेता बनने दो महाद्वीप की टीम आमने-सामने

फुटबाल: कतर विश्व कप 2022, मोरक्को के विजयी रथ को रोककर फ्रांस फायनल में

– जसवंत क्लाडियस,तरुण छत्तीसगढ़ संवाददाता
अफ्रीका महाद्वीप के लिए गौरवशाली कीर्तिमान रचते हुए मोरोक्को (22) की टीम ने 2022 के कतर फुटबाल विश्व कप में सेमीफायनल तक का सफर तय किया। इतिहास गवाह है कि अफ्रीका महाद्वीप की किसी टीम ने 2022 के पहले फुटबाल की इस सबसे प्रतिष्ठित स्पर्धा में सेमीफायनल में जगह नहीं बनाई थी। अफ्रीका से 5 टीम ने इस विश्व कप के लिए योग्यता हासिल की थी जिसमें सेनेगल (18) सर्वश्रेष्ठ टीम थी जबकि मोरक्को (22), ट्यूनीशिया (30), कैमरून (43), घाना (61) सम्मिलित थी। मोरोक्को के अलावा अफ्रीका की बाकी टीम ग्रुप स्टेज में ही पराजित हो गई थी।
2022 की इस प्रतियोगिता में मोरक्को को ग्रुप एफ में जगह मिली थी। इसमें क्रोएशिया से उनका मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ जबकि उन्होंने कनाडा को 2-1 से और विश्व की दूसरे नंबर की टीम बेल्जियम को 2-0 से पछाड़ते हुए राउंड आफ 16 में स्थान प्राप्त किया था। इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर ग्रुप स्टेज में बेल्जियम का बाहर होना रहा जिसका श्रेय मोरोक्को की टीम को गया।
उनकी इस सफलता ने खिलाड़ियों में कुछ कर गुजरने के लिए ऐसा आत्मविश्वास भर दिया जिससे वे सेमीफायनल तक पहुंचा गए। राउंड आफ 16 में मोरोक्को ने अपने से बेहतर वरीयता क्रम वाले स्पेन (07) को पेनाल्टी शूटआउट में पछाड़ा। स्पेन के खिलाड़ियों ने 120 मिनट पिच पर तगड़ा संघर्ष किया लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में वे फिसड्डी साबित हुए। दुर्भाग्य की बात है कि यूरोपीय फुटबाल के क्लब लीग में धूम मचाने वाले साराबिया, सोलर, बसक्वेट्स जैसे फुटबालर मोरोक्को के गोलकीपर कप्तान रोमेन साइस के सामने नतमस्तक हो गए। इसी तरह क्वार्टरफायनल में यूरोप की एक अन्य शक्तिशाली टीम पुर्तगाल (09) को 1-0 से शिकस्त देकर मोरोक्को सेमीफायनल में जगह बनाने में कामयाब हो गई। 1930 से आरंभ विश्वकप प्रतियोगिता में 92 वर्षों बाद अफ्रीका महाद्वीप का सेमीफायनल में पहली बार पहुंचना यह स्पष्ट करता है कि फीफा का फुटबाल की तकनीक, प्रशिक्षण, नियम आदि की जानकारी जगत के सभी 211 देशों की फेडरेशन को प्रदान करना अब फलवती हो रही है। सेमीफायनल में मोरोक्को का फ्रांस (04) से मैच लगभग एकतरफा ही रहा। इस मुकाबले का संघर्षपूर्ण होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन निर्धारित समय में ही दो गोल करके फ्रांस लगातार दूसरी बार विश्व कप के फायनल में पहुंच गई। मैच के आरंभ होते ही फ्रांस की टीम ने मोरोक्को पर आक्रमण किया और खेल के 5वें मिनट में फारवर्ड थियो हेरनांउेज ने गोल ठोककर मोरोक्को के खिलाड़ियों के हौसले पस्त कर दिया। 2018 की विजेता होने और लगातार दूसरी बार फायनल में स्थान बनाने की महत्वाकांक्षा ने आज फ्रांस की टीम को सफलता हासिल करने में मनोवैज्ञानिक रूप से मदद की।
खेल के 79 मिनट में मोरोक्को की रक्षापंक्ति को तोड़कर रंडल कोलो मौनी ने दूसरा गोल ठोक दिया। इस तरह फ्रांस ने तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने की राह पर है। विजेता कौन बनेगा इस पर खेलप्रेमियों की निगाह बनी हई है पंरतु मुकाबला काफी संघर्षपूर्ण होने की उम्मीद है। विश्व की नंबर 03 दक्षिण अमेरिका महाद्वीप की अर्जेंटीना भी 1986 के बाद फिर से विजेता बनने के लिए नई रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी। 18 दिसम्बर को जो टीम एक होकर खेलेगी चैंपियन वही बनेगी।

Related Articles

Back to top button