जिला पंचायत व जनपद अध्यक्ष के कई दावेदार
रायपुर से केशव मनहरे, पत्थलगांव से शौर्य प्रताप का नाम चर्चा में

रायपुर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पश्चात अब जिला पंचायत व जनपद अध्यक्ष बनने के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। जनपद अध्यक्ष बनने के लिए भी निर्वाचित जनपद सदस्यों से सम्पर्क किया जा रहा है। रायपुर जिले में केशव मनहरे को जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने के लिए भाजपा का एक गुट सक्रिय हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर जिले में जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 16 है। इनमें से आरंग, तिल्दा-नेवरा और धरसींवा से भाजपा समर्थित सदस्य निर्वाचित होकर आए हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए चंद्रशेखर शुक्ला चुनाव हार गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा को भी पराजय मिली है। आरंग के क्षेत्र क्रमांक 18 से केवश मनहरे और विधायक खुशवंत सिंह साहब के छोटे भाई योगेश गुरु के बीच कड़ा मुकाबला था जिसमें भाजपा के बागी प्रत्याशी केशव मनहरे ने बाजी मार ली है। अब वे जिला पंचायत अध्यक्ष बनने के लिए प्रयास कर रहे हैं। भाजपा ने अभी तक जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए कोई अधिकृत रणनीति तय नहीं की है। पंचायत चुनाव गैरदलीय आधार पर लड़े जाते हैं, लेकिन भाजपा समर्थित अन्य प्रत्याशी भी चुनाव जीत गए हैं। जिसके कारण चुनाव काफी रोमांचक होगा।
सदस्यों को उठाया जा रहा
जनपद अध्यक्ष तिल्दा में अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर रहे देवव्रत शर्मा सदस्यों से सम्पर्क कर रहे हैं। वहीं अन्य सदस्य भी सक्रिय हैं। पूर्व सभापति राजू शर्मा के भतीजे होने के कारण उन्हें यहां व्यापक समर्थन मिल रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष का चयन करने के लिए अपने कई सदस्यों को नामजद किया है।
पत्थलगांव में मुख्यमंत्री के निकटतम रिश्तेदार सालिक साय चुनाव जीत गए हैं। यहां पर भाजपा का बहुमत है। जिला जनपद अध्यक्ष पद के लिए दिलीप सिंह जूदेव के पौत्र शौर्य प्रताप सिंह भी सामने आए हैं। नगरी-सिहावा विधानसभा क्षेत्र के मगरलोड ब्लाक से विजयी टीकाराम कंवर पूर्व पुलिस अधिकारी हैं। उनकी दावेदारी सामने आई है। महासमुंद में विधायक संपत अग्रवाल तथा संगठन पदाधिकारी मिलकर जिला जनपद अध्यक्ष के दावेदार का फैसला करेंगे। अन्य जिलों में भी यही स्थिति है।