ग्रामीण सरकार बनाने रायपुर जिले में भारी उत्साह
धनेन्द्र साहू के पुत्र यशवंत साहू की प्रतिष्ठा दांव पर

रायपुर, 17 फरवरी। राज्य में ग्रामीण सरकार गठित करने के लिए मतदाताओं में उत्साह देखा गया। कुल 53 ब्लॉक में 31875 प्रतिनिधि चुनने के लिए आज सुबह से मतदान शुरू हो गया है। बस्तर संभाग में भी ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक मतदान में भाग लिया। रायपुर जिले के अभनपुर एवं आरंग ब्लॉक में हुए चुनाव में कई पूर्व एवं वर्तमान विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है।
रायपुर जिले के अभनपुर के अंतर्गत 190 पंचायतें आती है। पूर्व विधायक धनेन्द्र साहू के पुत्र यशवंत साहू चुनाव मैदान में हैं। धनेन्द्र साहू ने बताया कि यहां पर एक मतदाता को चार वोट डालना पड़ता है। पहला पंच, दूसरा सरपंच, तीसरा जनपद सदस्य और चौथा जिला जनपद सदस्य के के लिए। अभनपुर के अंतर्गत आरंग ब्लाक में 10 गांव आते हैं। यहां पर पूर्व जिला जनपद अध्यक्ष गरियाबंद श्वेता शर्मा के पति संजय शर्मा कबीर चुनाव लड़ रहे हैं। जनपद अध्यक्ष के लिए विधायक खुशवंत साहब का भाई चुनाव मैदान में उतरा है जिसके कारण यह चुनाव काफी संघर्षपूर्ण हो गया है। अभनपुर से रानी पटेल भी अपनी किस्मत आजमा रही है। खरोरा क्रमांक 5 से राजू शर्मा और कांग्रेस के सुरेन्द्र वर्मा के बीच सीधा मुकाबला है। वर्तमान में सिर्फ रायपुर जिले के अभनपुर ब्लॉक में ही चुनाव हो रहे हैं। आज मध्यान्ह 3 बजे तक मतदान होगा। इसके पश्चात मतों की गणना शुरू हो जाएगी। रायपुर से लगे महासमुंद जिले में भी आज पंचायत चुनाव हो रहे हैं। यहां पर कई सीट आरक्षित है। सभी विधायक यहां पर चुनाव अपने-अपने समर्थकों को लड़ा रहे हैं। विधायकों के अनुसार यहां पर 500 से अधिक पंचायतों में चुनाव हो रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए अधिकारी दौरा कर चुके हैं। आज दोपहर तक 50 प्रतिशत से अधिक मतदान होने की खबर है। दूसरे चरण के चुनाव की तैयारियां भी तेज हो गई है। भाटापारा-बलौदाबाजार जिले के अंतर्गत भाटापारा में चुनाव हो रहे हैं। वहीं चांपा जांजगीर जिले में सक्ती, अकलतरा में भी चुनाव को लेकर उत्साह है। रायपुर जिले के धरसींवा, आरंग ब्लॉक में अलग-अलग तिथियों में मतदान होगा। जिला जनपद सदस्यों की संख्या 16 है।
अशोक बजाज ने अपने गृह ग्राम खोला में किया मतदान
रायपुर, 17 फरवरी। जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष अशोक बजाज ने त्रि स्तरीय पंचायती राज चुनाव में आज अभनपुर जनपद के अंतर्गत अपने गृह ग्राम खोला के बूथ क्रमांक 239 में मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने कहा कि गांव की सरकार बनाने के लिए जनता में काफी उत्साह है।