https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

कांग्रेस विधायक की गिरफतारी, भाजपा की हताशा व बौखलाहट- जैन

दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार के कलेक्ट्रेट में 10 जून को हुई तोड़फोड व आगजनी मामले में बीते दिनों भिलाई से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफतार कर जेल भेज दिया है। इस मुद्दे को कांग्रेस जोर शोर से उठा रही है और इस गिरफतारी को भाजपा की हताशा व बौखलाहट बता घटना के लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है। इसी मामले को लेकर शुक्रवार को दंतेवाड़ा जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कांग्रेस ने 17 बिन्दुओं पर भाजपा से जवाब मांगा है। आज विधायक के गिरफतारी के विरोध में कांग्रेस प्रदेश भर में विरोध स्वरूप धरना प्रदर्शन कर रही है।
दंतेवाड़ा के राजीव भवन कार्यालय में शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस कर जगदलपुर के पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने देवेंद्र यादव की गिरफतारी की निन्दा करते कहा कि बलौदाबाजार में हुई हिंसा, आगजनी व तोडफोड के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है उनकी नाकामी के वजह से इस तरह की घटना हुई है। बदले की भावना से भाजपा सरकार चुन चुनकर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को जेल में डाल रही है जो यह दर्शाता है कि भाजपा सरकार भले ही सत्ता में आ गई हो लेकिन उसकी हताशा व बौखलाहट अभी गई नहीं है। श्री जैन ने कहा कि बलौदाबाजार में हुई हिंसा, आगजनी व तोडफोड़ की कांग्रेस पार्टी भी निन्दा करती है इस तरह की घटनाएं बिलकुल भी नहीं होनी चाहिए। वहीं उन्होने कहा कि अगर घटना हुई है तो इसके लिए प्रदेश की साय सरकार जिम्मेदार है और उनका इंटेलिजेंस पूरी तरह से फेल हुआ है। जिला प्रशासन के फेलवर से ऐसी घटनाएं घटित हुई है। रेखचंद जैन ने कहा कि जिस दिन हिंसा हुई उस दिन विधायक देवेंद्र यादव न कलेक्ट्रेट परिसर में भाषण दिये न ही वे कलेक्ट्रेट में हुए प्रदर्शन का हिस्स बने। वे कुछ मिनट के लिए वहां गए जरूर थे मगर उन्होने किसी भी प्रकार का भाषण व उकसाने वाला काम नहीं किया और थोडे समय बाद ही वे वहां से चले गए थे। उन्होने कहा कि बलौदाबाजार कलेक्ट्रेड में हिंसा से पहले वहां जो भाषण बाजी हुई प्रदर्शन हुआ उसमें कौन लोग शामिल थे पहले सरकार ये बताए। अगर सरकार नहीं बता सकती तो कांग्रेस पार्टी ये बताएगी कि उस प्रदर्शन में नागपुर से 250 की संख्या से अधिक लोग आए थे वे कौन लोग थे? सरकार ने उन लोगों पर क्या जांच कारवाई अब तक की है कितने भाजपा के लोगों को गिरफतार किया है? स्थानीय पुलिस प्रशासन क्या कर रही थी? भीड़ को अंदर क्यों जाने दिया? भीड़ को रोकने की कोशिश क्यों नहीं की गई? एसपी किसके इशारे पर शांत बैठे हुए थे? आम जनता की वाहने जलाई जा रही थी लोगों को दौड़ा दौडा कर मारा पीटा जा रहा था तो पुलिस क्या कर रही थी? ऐसे तमाम सवाल कांग्रेस ने भाजपा सरकार से पूछा है। क्या ऐसा कर माहौल बनाकर सरकार विपक्षी पार्टी को टारगेट करना चाहती थी? हमारे विधायक की गिरफतारी से तो अब यही प्रतीत हो रहा है कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं को निशाना बनाकर साय सरकार असली गुनहगारों को बचाने में लगी हुई है। पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता रेखचंद जैन ने पत्रकारों की आंध्र पुलिस द्वारा की गई गिरफतारी को भी अलोकतांत्रित बताया और कहा कि बस्तर के ये चारों पत्रकार कोंटा आंध्रा बार्डर पर बडे पैमाने पर चल रही रेत तस्करी की खबरें दिखाने गए थे इसी दौरान षडयंत्र के तहत छ0ग0 पुलिस के इशारे पर आंध्र पुलिस ने पत्रकारों को फंसाते हुए उन्हें गिरफतार कर जेल भेज दिया। कांग्रेस पार्टी ने पत्रकारों की गिरफतारी को पूरी तरह से भाजपा सरकार का षडयंत्र बताया है और इसके लिए सीधे तौर पर भाजपा के एक नेता पर आरोप मढा है। कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की गिरफतारी के विरोध में आज जिला मुख्यालय दंतेवाड़ा में कांग्रेस पार्टी धरना प्रदर्शन कर भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोल कर रही है और देवेंद्र यादव की निशर्त रिहाई की मांग पर अड़ी है।

Related Articles

Back to top button