छत्तीसगढ़

तीसरे चरण के चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह

नगरी, बालोद गुण्डरदेही एवं जशपुर में होगा मतदान, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

रायपुर। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का अंतिम चरण 23 फरवरी को होगा। जिसमें नगरी, बालोद, गुंडरदेही सहित अनेक ब्लॉक में चुनाव होंगे। नगरी ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम परसवानी से मुख्यमंत्री के नजदीकी रिश्तेदार टीकाराम कंवर जिला जनपद सदस्य के रूप में निर्वाचित हुए हैं। जशपुर जिले के पत्थलगांव में पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद दिलीप सिंह जूदेव का पोता शौर्य प्रताप सिंह और पूर्व मंत्री रामपुकार सिंह की पुत्री की आरती सिंह की भी किस्मत का फैसला होगा।
प्रदेश में प्रथम एवं द्वितीय चरण के पंचायत चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। अब जिला जनपद अध्यक्ष और जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बनने के लिए सदस्यों को उठाया जा रहा है। रिसार्ट पॉलिटिक्स की तर्ज पर कई सदस्यों को घुमाने ले जाया जा रहा है। राज्य में कांग्रेस और भाजपा ने अपने-अपने समर्थकों के जीत का दावा किया है। रायपुर एवं महासमुंद जिले में पंचायत चुनाव सम्पन्न हो चुके हैं। अब आदिवासी बहुल क्षेत्र में चुनाव होना शेष है। बस्तर के भी कई जिलों में अंतिम चरण के चुनाव होंगे। चुनाव में पुलिस और मतदाताओं के बीच झड़प को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के समधी जीते चुनाव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के समधी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी टीकाराम कंवर परसवानी से चुनाव जीत गए हैं। यह गांव मगरलोड ब्लॉक में आता है। नगरी की विधायक अंबिका मरकाम ने बताया कि नगरी ब्लॉक में 23 फरवरी को मतदान होगा। पंचयत चुनाव को लेकर लोगों में भारी उत्साह है। बालोद की विधायक संगीता सिन्हा ने बताया कि बालोद और गुण्डरदेही में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इन्हें जिताने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। जशपुर जिले में पत्थलगांव से मुख्यमंत्री के साले अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां पर स्वर्गीय सांसद दिलीप सिंह जूदेव के पोते एवं वरिष्ठ विधायक रामपुकार सिंह की पुत्री के चुनाव लडऩे से माहौल गरमा गया है। कुनकुरी एवं जशपुर से मिशन के समर्थक जीत गए हैं। ज्ञात रहे कुनकुरी और जशपुर में ईसाई मिशनरी काफी सक्रिय हैं। वे शिक्षा एवं अन्य क्षेत्र में काफी काम कर रहे हैं। जबकि संघ ने यहां पर कल्याण आश्रम बनाया है। अंबिकापुर के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि यहां पर कई मंत्रियों के नजदीकी रिश्तेदार एवं पूर्व विधायक के पुत्र चुनाव लड़ रहे हैं। पहले और दूसरे चरण का चुनाव सम्पन्न हो चुका है।

Related Articles

Back to top button