धूमधाम से मनाई जाएगी रामनवमी,शोभायात्रा की तैयारी शुरू

गीदम । गीदम नगर में इस वर्ष भी राम नवमी महोत्सव को अत्यंत धूमधाम और भक्तिपूर्ण माहौल में मनाने की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इस संदर्भ में मंगलवार को नगर के प्रतिष्ठित नागरिकों एवं युवा वर्ग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना एवं राम जन्मोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में कई अहम निर्णय लिए गए, जिससे कि इस वर्ष का आयोजन पहले से भी अधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाया जा सके।
समिति के निर्णयानुसार, संपूर्ण गीदम नगर को भगवा रंग में रंगा जाएगा। मुख्य मार्गों, चौक-चौराहों, मंदिरों और महत्वपूर्ण स्थलों पर भगवा ध्वज एवं पताकाएँ लहराई जाएंगी। इस विशेष साज-सज्जा से नगर का हर कोना भगवान श्रीराम की भक्ति में डूबा हुआ नजर आएगा। पूरे नगर को राममय करने हेतु भव्य तोरण द्वार एवं स्वागत द्वार बनाए जाएंगे 06 अप्रैल 2025 को संध्या 5 बजे निकाली जाने वाली श्रीराम शोभायात्रा इस वर्ष का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। यह भव्य यात्रा बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर हारम पारा चौक, हारम, बस स्टैंड गीदम, हारम, बाबा रामदेव मंदिर तक जाएगी। यात्रा में सैकड़ों भक्तजन भगवा ध्वज लिए जय श्रीराम के जयघोष करेंगे।
यात्रा में आकर्षक झांकियाँ शामिल होंगी, जो भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी। इसके अलावा, डीजे एवं बैण्ड-बाजे शोभायात्रा में भक्तिमय वातावरण बनाएंगे। पूरे नगर में भक्ति संगीत और रामधुन की गूंज सुनाई देगी। आयोजन के दौरान भव्य महाआरती का आयोजन बाबा रामदेव मंदिर में किया जाएगा, जिसमें नगर के हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। यह महाआरती भक्तों के लिए एक दिव्य और अलौकिक अनुभव होगी।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष भोजन प्रसाद की व्यवस्था-इस भव्य आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारे की व्यवस्था की जाएगी, जिसमें प्रसाद वितरण किया जाएगा। समिति ने यह भी निर्णय लिया है कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त प्रबंध किए जाएंगे।
युवा वर्ग निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका-राम नवमी महोत्सव की सफलता के लिए नगर के युवा वर्ग ने पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ आयोजन में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम की संपूर्ण जानकारी और आगे की योजनाएँ समिति के व्हाट्सएप ग्रुप में साझा की जाएंगी।
समिति का संकल्प – गीदम में होगा ऐतिहासिक आयोजन-समिति के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा, हमारा लक्ष्य इस वर्ष का राम नवमी उत्सव गीदम के इतिहास में सबसे भव्य और भक्तिपूर्ण बनाना है। यह आयोजन हमारी आस्था, परंपरा और संस्कृति का प्रतीक होगा, जिसमें संपूर्ण नगर श्रीराम भक्ति में डूबा रहेगा। राम जन्मोत्सव समिति, गीदम ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा एवं महाआरती में शामिल होने की अपील की है, जिससे कि यह आयोजन ऐतिहासिक बन सके।