https://tarunchhattisgarh.in/wp-content/uploads/2024/03/1-2.jpg
छत्तीसगढ़

छुरिया नपं में भाजपा का 14 वर्ष का वनवास खत्म

अजय पटेल बने नगर पंचायत अध्यक्ष, भाजपा कांग्रेस के सात-सात पार्षद चुनाव जीते

छुरिया। नगर पंचायत छुरिया में 14 वर्ष तक सत्ता से दूर रही भाजपा ने अपना वनवास खत्म कर शानदार वापसी की है। भाजपा के अजय पटेल ने शानदार जीत हासिल करते हुए अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। वहीं नगर के 15 वार्डों में भाजपा कांग्रेस के सात-सात पार्षद चुनाव जीतने में कामयाब हुए हैं वही वार्ड नं. 6 में निर्दलीय पार्षद प्रत्याशी ने अपनी धमाकेदार जीत दर्ज की है। वार्ड नं. 5 में भाजपा एवं कांग्रेस में टाई होने से लाटरी पद्धति से कांग्रेस प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए।
नगर पंचायत में आज मतगणना को लेकर चुनाव आयोग ने संपूर्ण तैयारी कर ली थी। सुबह नौ बजे जनपद परिसर स्थित सामुदायिक भवन में भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों के अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों की उपस्थिति में रिटर्निंग ऑफिसर आकांक्षा साहू एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय सिंह ने स्ट््रांग रूम से ईवीएम मशीन को मतगणना पर्यवेक्षक के 15 टेबल पर रखकर मतगणना शुरू की। भाजपा प्रत्याशी अजय पटेल को 1451 मत मिले, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रितेश जैन को 756 मत एवं कांग्रेस से बागी निर्दलीय प्रत्याशी भोजवानी साहू को 498 मत, हमर राज पार्टी के मनभावन सिंह उइके को 124 मत प्राप्त हुए। जहां भाजपा प्रत्याशी अजय पटेल ने 695 मतों से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस प्रत्याशी रितेश जैन को हराकर नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए हैं। पटेल के विजयी होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर उमड़ पड़ी। भाजपा कार्यकर्ता गगनभेदी नारों के साथ डीजे की धुन पर फटाकों की आतिशबाजी कर नगर में विजयी रैली निकालकर समस्त नगरवासियों एवं व्यवसायियों का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिला महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, एम.डी.ठाकुर, जगजीत सिंह भाटिया, सुरेन्द्र सिंह भाटिया, भाजपा मण्डल अध्यक्ष कान्ता साहू, खिलेश्वर साहू, महामंत्री संजय सिन्हा, स्वप्निल पटेल, मोनू गुप्ता, प्रिंस भाटिया, शेखर भरद्वाज, डॉ. लोकेश चन्द्राकर, सोनू कसेर, सलमान खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी 14 वार्डों में हारे : सुबह नौ बजे मतगणना स्थल पर ईवीएम मशीन से परिणाम आये तो वहां उपस्थित सभी कांग्रेसी आश्चर्यचकित पड़ गये। नगर के 15 वार्डों में से 14 वार्डों में कांग्रेस के अध्यक्ष प्रत्याशी रितेश जैन को हार का सामना करना पड़ा। वहीं वार्ड नं सात गुरू गोविंद सिंह से उन्हें 92 मत प्राप्त हुए जहां उन्होंने 11 मतों से जीत दर्ज की।
वार्ड-6 में दो निर्दलीय प्रत्याशियों में मुकाबला : वार्ड नं. 6 अहमद भाई से भाजपा कांग्रेस के प्रत्याशियों को निर्दलीय लड़ रहे दो प्रत्याशियों ने उन्हें पछाड़ दिया। इस वार्ड से जहां निर्दलीय प्रत्याशी अनिल लारोकर को 65 मत मिले वहीं दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी आशिक खान को 54 मत प्राप्त हुए। इस तरह अनिल लारोकर 11 मतों से विजयी रहे। कांग्रेस को इस वार्ड में 24 मत वहीं भाजपा को 19 मतों से संतोष करना पड़ा।
वार्ड-5 में भाजपा-कांग्रेस के बीच टाई : मतगणना टेबल क्र एवं मतदान केन्द्र क्रमांक 5 में पार्षद पद के नतीजे चौंकाने वाले आये। इस वार्ड में भाजपा के प्रत्याशी रूखसाना खान को जहां 61 मत मिले वहीं कांग्रेस के प्रत्याशी सोनू खान को भी इतने ही मत मिले। उसके बाद निर्वाचिन अधिकारियों ने लाटरी पद्धति से चिट निकाला जहां सोनू खान को एक मत से विजयी घोषित किया गया।
भाजपा कांग्रेस के सात-सात पार्षद जीते
नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर भाजपा के अजय पटेल ने धमाकेदार जीत दर्ज की। वहीं पंद्रह वार्डों में भाजपा कांग्रेस के सात-सात प्रत्याशी चुनाव जीते वहीं एक पर निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव जीता है। भाजपा से जहां वार्ड क्र. 4 से बिन्दु तीरथ साहू, वार्ड क्र. 8 से टामेश्वर कुम्भकार, वार्ड क्र. 9 से ललिता बाई कुम्भकार, वार्ड क्र. 12 से गौरी सिन्हा, वार्ड क्र. 13 से सलूजा कोमरे, वार्ड क्र. 14 से दानेश्वर मंडावी, वार्ड क्र. 15 से भूषण नेताम इसी तरह कांग्रेस से पार्षद वार्ड क्र. 1 से दीपक जगने, वार्ड क्र. 2 से रोशन रजक, वार्ड क्र. 3 से मोहम्मद वसीम, वार्ड क्र. 5 से सोनू खान, वार्ड क्र. 7 से राधे ठाकुर, वार्ड क्र. 10 दबीज खान, वार्ड क्र. 11 से मनोज यादव सहित भाजपा कांग्रेस से सात-सात पार्षदों ने चुनाव जीता है। वहीं वार्ड क्र. 6 अहमद भाई वार्ड से अनिल लारोकर ने निर्दलीय जीत दर्ज की है।

Related Articles

Back to top button