छत्तीसगढ़

भाजपा का घोषणा पत्र मोदी की गारंटी : हिमंता

भाटापारा । असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा आज भाटापारा पहुंचे और भाजपा प्रत्याशी शिवरतन शर्मा के पक्ष में प्रचार करते हुए कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने भाजपा को प्रदेश में 60 सीटों पर जीत मिलने का दावा किया।
छत्तीसगढ़ में नक्सली समस्या पर सीएम सरमा ने कहा कि नक्सली व कांग्रेस के बीच लगता है ईलु ईलु आई लव यू है, इस कारण नक्सलियों का उन्मूलन नहीं हो पा रहा. भाजपा की घोषणा पत्र पर उन्होंने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र पर मोदी की गारंटी है. आज पूरा विश्व उनका लोहा मानता है. वहीं कांग्रेस के घोषणा पत्र पर कहा कि पिछला वादा तो पूरा किया नहीं, आगे क्या करेंगे।
उन्होंने कहा, बघेल हर बार नाटक करते हैं और उन्होंने सनातन धर्म को कमजोर करने के लिए धर्म परिवर्तन का एक बड़ा बाजार खोला है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 साल हो गए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आखिरकार (अयोध्या में) राम मंदिर का निर्माण कराया।
उन्होंने सवाल किया, कांग्रेस ने इसका निर्माण क्यों नहीं कराया। केंद्र में कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने राम मंदिर क्यों नहीं बनाया और प्रधानमंत्री मोदी का इंतजार क्यों किया। ऐसा इसलिए है क्योंकि कांग्रेस की भगवान राम के प्रति कोई भक्ति नहीं है।
सरमा ने कहा, मैंने पिछले 3-4 वर्षों में कभी किसी कांग्रेस नेता को राम मंदिर जाते नहीं देखा। राहुल गांधी चुनाव के दौरान मंदिर जाते हैं लेकिन राम मंदिर (अयोध्या में) नहीं जाते।
उन्होंने किसानों की कर्जमाफी के वादे को लेकर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में भी यही वादा किया था, लेकिन इसे पूरी तरह से पूरा नहीं किया, प्रदेश में किसानों को कर्ज क्यों लेना पड़ा, क्योंकि उनके बच्चों के पास नौकरी नहीं है। बघेल सरकार को रोजगार सृजन के लिए काम करना चाहिए था।
असम के मुख्यमंत्री ने आगे कहा, हमें सोचना चाहिए कि कांग्रेस ने पांच साल में क्या दिया। क्या उन्होंने (बघेल) पांच साल में कोई विश्वविद्यालय खोला? असम में हर जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई है। राज्य में (छत्तीसगढ़ में) कोई बुनियादी परिवर्तन नहीं हुआ है।
सरमा ने कहा, हमें एक बार सोचना होगा कि आखिर भूपेश बघेल सरकार ने राज्य को किस स्थिति में धकेल दिया है। राज्य में धर्म परिवर्तन हो रहा है। राज्य के हर हिस्से में आदिवासियों का धर्मांतरण कराने की साजिश चल रही है। सनातन पर हमला किया जा रहा है.
सीएम हिमंत ने कहा, भूपेश बघेल का हिसाब तो महादेव करेंगे, जिन्होंने महादेव एप के माध्यम से घोटाला किया है. सभा से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के भाटापारा पहुंचने पर विधायक शिवरतन शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. वहीं मुख्यमंत्री के सामने भाजपा की रीति नीति से प्रभावित होकर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों के लोगों ने भाजपा का दामन थामा, जिसका मुख्यमंत्री हिमन्त विश्व शर्मा ने भाजपा का गमछा पहनाकर स्वागत किया। उक्त अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button